Lok Sabha Election 2019: बिहार में रविवार को सुबह-सुबह पटना के लोगों को एक नए किस्म का रोड शो देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव रविवार सुबह पटना की सड़कों पर ई-रिक्शा चलाते दिखे।

केंद्रीय मंत्री व पाटलिपुत्र से भाजपा के उम्मीदवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान के पास रिक्शा चलाते देख सुबह-सुबह जॉगिंग करने निकले लोग हैरान हो गए। लालू के करीबी राम कृपाल यादव का पटना के डिप्टी मेयर से सांसद बनने का सफर कई लोगों को याद है। राम कृपाल शहर की ट्रैफिक के बीच टीशर्ट और ट्रैक पैंट में ई-रिक्शा चला रहे थे।

केंद्रीय मंत्री को इस तरह सड़क पर देख कर कई युवाओं ने इस पल को अपने कैमरे में कैद किया। केंद्रीय मंत्री यादव ने इस बारे में कहा, ‘ये कुछ भी नहीं है। मैं हर सुबह गांधी मैदान आता हूं। यह पिछले 30 साल से मेरा रूटीन है।

कुछ एक्सरसाइज के साथ रोजाना की इस यात्रा के दौरान मुझे लोगों की समस्याओं को करीब से जानने का मौका मिलता है। यदि संभव हो तो मैं इन्हें हल करने का प्रयास करता हूं। ‘

उन्होंने कहा कि आज सुबह इस ई-रिक्शा चालक ने प्यार से कहा कि सर क्या आप मेरे साथ मेरे रिक्शे में बैठकर मुझे सम्मान नहीं देंगे। इस पर मैंने ई-रिक्शा चालक को कहा कि मुझे यह चलाना आता है। तुम साइड में बैठो, मैं इसे चलाता हूं। इसके बाद मैंने वाहन चलाना शुरू कर दिया।

भाजपा के टिकट पर पाटलिपुत्र से दुबारा चुनाव मैदान में उतरें राम कृपाल यादव अपने राजनैतिक गुरु लालू प्रसाद यादव की बेटी मिसा भारती के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। राम कृपाल ने पिछली बार भी हराया था।

यादव ने साल 2014 चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था। चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल के लिए यह बड़ा झटका था। साल 2009 में लालू प्रसाद यादव को भी यहां से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

उन्हें इस चुनाव में कभी उनके विश्वासपात्र रहे जदयू के रंजन यादव ने हराया था। अपने लोकसभा क्षेत्र में काफी लोकप्रिय होने के बावजूद राम कृपाल यादव ने बड़ी मुश्किल से मीसा भारती को हराया। मोदी लहर के बावजूद राम कृपाल यादव की जीत का अंतर महज 40 हजार वोटों का था।