Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के बीच बहस होना काफी आम बात है। वहीं टीवी पर होने वाली डिबेट में भी नेता एक दूसरे के खिलाफ तंज या निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूकते हैं। अब नेताओं के बीच होने वाली बहस में टीवी एंकर भी शामिल हो गई हैं।

नेताओं के साथ टीवी एंकर पर भी तंज कसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे ही एक टीवी बहस के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने आजतक चैनल की एंकर अंजना ओम कश्यप को एक डिबेट के दौरान ‘बहनजी’ कहकर संबोधित किया। इस टिप्पणी से एंकर इतनी आहत हुईं कि उन्होंने तुरंत कांग्रेस प्रवक्ता को अपनी भाषा में जवाब दे दिया।

एंकर ने कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी की तरफ से ‘बहनजी’ के जवाब में ‘आंटीजी’ कहकर संबोधित किया। हालांकि, प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उन्हें क्या कहकर संबोधित किया जाता है। इस ‘बहनजी’ और ‘आंटीजी’ वाले तंज वाले वीडियो को 3 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।

दरअसल, टीवी पर ‘राफेल डील की लीक दस्तावेज में क्या है?’ इस मुद्दे को लेकर बहस चल रही थी। बहस में शामिल होने के लिए कांग्रेस की तरफ से प्रियंका चतुर्वेदी मौजूद थीं। वहीं भाजपा की तरफ से इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखने के लिए गौरव भाटिया स्टूडियो में मौजूद थे। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर एयरफोर्स की जरूरत के अनुसार लड़ाकू विमानों के आने को लेकर देरी पर सवाल उठाए।

भाटिया ने कांग्रेस की पहले की सरकारों को निकम्मी, निठल्ली और भ्रष्टाचारी सरकार तक कह डाला। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर सौदे में अपना कमीशन तय करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सत्ता में आए और सिर्फ 16 महीने में ही डील हो गई और इस साल सितंबर में राफेल विमान भी आ जाएंगे।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी के संदर्भ में कहा कि पांचवी क्लास का बालक पीएचडी की थीसिस नहीं पढ़ सकता इसी तरह राहुल गांधी भी राफेल को लेकर सुप्रीम कोर्ट का जजमेंट नहीं पढ़ सकते। इसके बाद प्रियंका चतुर्वेदी भाजपा के प्रवक्ता का जवाब देने लगीं। इस बीच उन्होंने बातचीत के दौरान एंकर को ‘बहनजी’ कहकर संबोधित कर दिया। इस पर ही आजतक की महिला एंकर भड़क गईं।