भारतीय जनता पार्टी के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा लखनऊ से केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ ताल ठोक सकती हैं। पूनम सिन्हा के समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक कांग्रेस ने भी सपा-बसपा की उम्मीदवार पूनम सिन्हा के समर्थन के लिए हामी भर दी है। कांग्रेस लखनऊ से अपने उम्मीदवार को टिकट नहीं देगी। ऐसे में लखनऊ में मुकाबला अब सीधे-सीधे राजनाथ सिंह और पूनम सिन्हा के बीच होगा।
IANS की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पूनम के समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने के चलते ही शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस में शामिल होने का प्लान स्थगित किया। फिलहाल, पूनम के सपा में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा 6 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें पटना साहिब से मैदान में उतार सकती है।
लखनऊ सीट पर राजनाथ सिंह को घेरने के लिए फिलहाल समूचा विपक्ष एक जुट दिखाई दे रहा है। जातीय समीकरण के हिसाब से भी इस सीट पर उलट-फेर करने के के लिए पूनम सिन्हा का चयन किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लखनऊ में करीब 4 लाख कायस्थ और 1.3 लाख सिंधी मतदाता है। इनके अलावा इनके अलावा 3.5 लाख मुस्लिम मतदाता भी हैं। गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा कायस्थ जाति से संबंध रखते हैं, जबकि उनकी पत्नी पूनम सिंधी परिवार से संबंध रखती हैं। यही वजह है कि लखनऊ में पूनम की दावेदारी पक्की हो रही है।

