Lok Sabha Election 2019: आम चुनाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने गुरुवार (14 मार्च, 2019) को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। सूची में पार्टी प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का नाम था। वह बारामती सीट से चुनावी मैदान में नजर आएंगी, जबकि 12 प्रत्याशियों वाली इस सूची में थाणे से आनंद प्रांजपे को भी उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि, लिस्ट में पवार के पौत्र पार्थ का नाम नहीं है।
दरअसल, इसमें मावल सीट का भी जिक्र नहीं है, जहां से युवा नेता को चुनावी मैदान में उतारे जाने की संभावना है। सुले को पवार परिवार का गढ़ माने जाने वाले बारामती से ही फिर उम्मीदवार बनाया गया। वह निवर्तमान लोकसभा में भी इसी सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं।
सूची में प्रमुख नामों में पूर्व सिंचाई मंत्री रायगढ़ से सुनील तटकरे, पूर्व राज्य मंत्री जलगांव से गुलाबराव देवकर, सतारा से उदयनराजे भोसले, कोल्हापुर से धनंजय महाडिक, (पूर्वोत्तर मुंबई) से संजय दीना पाटिल और ठाणे से आनंद परांजपे के नाम शामिल हैं।
वहीं, अन्य लोगों में बुल्ढाणा से राजेंद्र शिगणे, परभणी से राजेश वितेकर और कल्याण सीट से बाबाजी बलराम पाटिल हैं। एनसीपी ने हातकणंगले सीट स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के प्रमुख राजू शेट्टी के लिए छोड़ी है। पवार नीत पार्टी ने लक्षद्वीप से मोहम्मद फैजल को उतारा है।
पार्टी ने अब तक विवादास्पद अहमदनगर एवं माढा सीट से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। पवार के माढा सीट से लड़ने की संभावना थी लेकिन उन्होंने हाल ही में इससे इन्कार किया था।

वहीं, भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के उम्मीदवारों की पहली सूची 16 मार्च को नयी दिल्ली में जारी कर सकती है। पार्टी के नेताओं ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया। भाजपा के एक नेता ने बताया कि पहली सूची में 18 उम्मीदवारों की घोषणा होने की संभावना है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

