Lok Sabha Election 2019 की सबसे हॉट सीटों में शुमार वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी को नहीं लड़ाने पर कांग्रेस ने बयान दिया है। कांग्रेस ने इसे प्रियंका का ही फैसला बताया है। कांग्रेस ने यहां से अपने पुराने प्रत्याशी अजय राय को एक बार फिर मैदान में उतार दिया है। इससे पहले प्रियंका को चुनाव लड़ाए जाने के कयास लगाए जा रहे थे। प्रियंका को रायबरेली से भी चुनाव लड़ाने की खबरें आई थीं लेकिन बाद में वहां से सोनिया गांधी ने नामांकन दाखिल कर दिया।
प्रियंका पर ये है कांग्रेस का पूरा बयानः सीनियर कांग्रेस नेता और पार्टी के विदेशी मामलों के प्रमुख सैम पित्रोदा ने कहा, ‘यह खुद प्रियंका जी का फैसला था, उनके पास और भी कई जिम्मेदारियां हैं। उन्होंने सोचा कि एक सीट पर ध्यान लगाने से बेहतर है जो काम उन्हें मिला है उस पर ध्यान लगाएं। इसलिए यह उन्हीं का फैसला है।’ उल्लेखनीय है कि प्रियंका को साल की शुरुआत में कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के बाद राहुल गांधी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी भी बनाया है। उन पर पूर्वांचल समेत करीब 42 सीटों की जिम्मेदारी है।
National Hindi News, 26 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
वाराणसी लोकसभा सीट की जानकारी के लिए क्लिक करें
राहुल-प्रियंका ने दिए थे संकेतः वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रियंका ने पहले कहा था कि यदि पार्टी चाहेगी तो वे तैयार हैं। वहीं राहुल गांधी ने भी सस्पेंस कायम करते हुए समय आने पर बताने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि कभी-कभी सस्पेंस सकारात्मक भी होते हैं। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कांग्रेस प्रियंका को मैदान में उतार सकती है। वाराणसी से शुक्रवार (26 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामांकन दाखिल कर दिया है।
