Lok Sabha Election 2019: बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन सीट बंटवारे का ऐलान कर चुका है। शुक्रवार (22 मार्च, 2019) को आरेजडी, कांग्रेस, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी), विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और सीपीआई (माले) की साझा कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि किस दल के खाते में कितनी सीटें गईं।

कॉन्फ्रेंस में आरजेडी सांसद मनोज झा, बिहार आरजेडी प्रमुख रामचंद्र पुर्बे और सूबे में कांग्रेस चीफ मदन मोहन झा समेत कुछ और नेता थे, लेकिन घटक दलों के बड़े चेहरे उस दौरान गायब रहे। राजद के तेजस्वी यादव, आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, हम के जीतन राम मांझी और वीआईपी के मुकेश साहनी इस पीसी में नहीं आए थे।

मीडिया ने इसी को लेकर आरजेडी सांसद से कॉन्फ्रेंस के बाद सवाल कर दिया। पूछा कि आखिर तेजस्वी वहां क्यों नहीं आए। ऐसे में आप कैसे कह सकते हैं कि आपकी पार्टी में ‘सब ठीक चल रहा है’? मनोज झा ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि क्या वह अपनी पार्टी में कुछ भी नहीं हैं, क्या वह (पत्रकार) उन्हें कुछ भी नहीं मानते हैं? अगर आखिरी वक्त पर परिस्थितियां बदलेंगी, तब वह पार्टी का फैसला होगा। उस पर सवाल नहीं किया जाना चाहिए।

हालांकि, झा ने आगे यह भी बताया था कि पटना के 10, सकुर्लर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव संग पिछले कई घंटों एक बैठक हुई थी। उसमें शरद यादव, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, मदन मोहन झा और मुकेश साहनी आए थे।

झा के मुताबिक, “जदयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव ने स्पष्ट किया कि वह और उनके साथी राजद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे और लोकसभा चुनाव के बाद अपनी पार्टी का विलय राजद में करेंगे । राजद कोटा से एक सीट भाकपा माले को दिया गया है।’’ वहीं, कांग्रेस को नौ सीट दिए जाने के साथ राज्यसभा के लिए बिहार की पहली सीट इस दल के किसी नेता को दी जाएगी।

किस दल के खाते में आईं कितनी सीटें?

आरजेडी – 20
कांग्रेस – 9
हम – 3
आरएलएसपी- 5
वीआईपी – 3
सीपीआई (माले) – 1

बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटें हैं।