यूपी चुनाव के दौरान कांग्रेस के टिकट वितरण और उसके उम्मीदवारों की खूब चर्चाएं हुईं थीं। इन्हीं उम्मीदवारों में से एक थीं, उन्नाव रेप पीड़िता की मां, जिन्हें कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा था। हालांकि वो चुनाव हार गईं और उन्हें नोटा के बराबर वोट मिले। इसे लेकर अब उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर की बेटी ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।

कुलदीप सेंगर तब बीजेपी से विधायक थे, जब उनपर ये आरोप लगे थे। रेप पीड़िता को मारने की कोशिश भी की गई थी। इस केस को लेकर काफी हंगामा मचा था, विपक्ष के काफी दबावों और आलोचनाओं के बाद बीजेपी ने सेंगर को पार्टी से निकाल दिया था। इस मामले को लेकर बीजेपी हमेशा से सवालों के घेरे में रही है।

इस बार के चुनाव में जब कांग्रेस ने रेप पीड़िता की मां को चुनावी मैदान में उतारा तो इस फैसले की जमकर सराहना हुई, लेकिन चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। अब इसे लेकर सेंगर की बेटी ऐश्वर्या ने कहा है कि सच सामने आ ही जाता है। ये रेप केस एक साजिश है। उनके पिता को फंसाया गया है। प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को नहीं पता, लेकिन सच सामने आ ही जाता है। कांग्रेस उम्मीदवार को नोटा के बराबर वोट मिले हैं।

ऐश्वर्या यहीं नहीं रुकी, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को अपराधी प्रवृति का भी बता दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक अपराधी प्रवृति महिला को टिकट दिया था। उन्होंने बीजेपी को जिले की सभी छह सीटें जिताने के लिए जनता को धन्यवाद भी किया। इससे पहले टिकट मिलने के समय भी सेंगर की बेटी ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां और कांग्रेस दोनों की आलोचना की थी। तब उन्होंने इसे राजनीतिक खेल बताया था।

बता दें कि कांग्रेस ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां को सदर सीट से टिकट दिया था। यहां से बीजेपी के पंकज गुप्ता चुनाव जीते हैं। वहीं कुलदीप सेंगर फिलहाल जेल उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।