कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Elections) के वोटिंग के लिए 5 दिन बाकी है। वहीं सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के लिए जी जान से लगे हैं। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल रखा है। प्रियंका गांधी आज कनकागिरी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कोप्पल स्थित कनकागिरी मंदिर (Kanakagiri Temple) में पूजा अर्चना की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Congress General Secretary Priyanka Gandhi) ने कनकागिरी में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार भी किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा बीजेपी सरकार कर्नाटक में पिछले 3 सालों से सत्ता में है। लेकिन उसकी पहचान 40% सरकार के रूप में है।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “जब भी कहीं पर नई सरकार आती है तो वह अपनी पहचान स्थापित करने की कोशिश करती है। क्या यह दुख की और शर्मनाक बात नहीं है कि कर्नाटक बीजेपी 40 फीसदी सरकार के रूप में जानी जाती हैं। यह नाम किसी पार्टी की तरफ से नहीं दिया गया है। बल्कि यह ठेकेदारों की तरफ से दिया गया है, जिन्हें सुसाइड करने के लिए मजबूर कर दिया गया।”

प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के हीरीकेरुर में भी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नंदिनी और अमूल विवाद पर भी बड़ा बयान दिया। प्रियंका ने कहा, “नंदिनी आपकी है, जिसपर आपको गर्व है लेकिन ये चाहते हैं कि गुजरात से अमूल को लाकर उसमें नंदिनी को मिला दें। अगर ये ऐसा करते हैं तो करीब 1 करोड़ लोगों की आमदनी संकट में पड़ जाएगी। इन्हें आमदनी से कोई चिंता नहीं है, बस परवाह है तो कैसे-कहां से लूटा जा सकता है?”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। गुरुवार को कर्नाटक के शाहापुर में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मोदी जी कहते हैं- मैं गरीब हूं, मुझे गालियाँ दीं। खरगे जी ने और उनके बेटे ने भी मुझे कुछ बोला। ये सब कितनी बार बोलेंगे, रोइए मत। आपको अच्छी जगह मिली है, जनता का उद्धार कीजिए, ग़रीबों का कल्याण कीजिए।”