कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को हुई वोटिंग के बाद शनिवार (13 मई) को 36 केंद्रों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। ज्यादातर एग्जिट पोल में या तो कांग्रेस को बहुमत दिखाई जा रही है या फिर वो सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। इस बीच नतीजों से पहले ही दिल्ली से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नजर आ रहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले दिल्ली के कांग्रेस कार्यालय में ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का बड़ी जीत का दावा
कर्नाटक में नतीजे आने में अभी समय बाकी है लेकिन दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर जश्न का दौर शुरू हो गया है। कई कांग्रेस नेता भी बड़ी जीत का दावा कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र ने कहा, “हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा और हम अपनी सरकार बनाएंगे। हम आश्वस्त हैं और सभी सर्वेक्षणों ने भी कहा है कि कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है।”
Karnataka Election 2023: शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई। अभी पोस्टल बैलेट की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे चल रही है। वहीं, बीजेपी दूसरे और जेडीएस तीसरे नंबर पर है।
Karnataka Assembly Election: एग्जिट पोल के नतीजे
इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है। एग्जिट पोल के मुताबिक इस चुनाव में कांग्रेस को 122-140 सीटें, बीजेपी को 62-80, जेडीएस को 20-25, अन्य को 0-3 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां राज्य में बहुमत हासिल करने का दावा कर रही हैं।
वहीं, ABP-C VOTER एग्जिट पोल त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति दिखा रहा है, कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी जरूर बन रही है, लेकिन बहुमत से दूर रह सकती है। एग्जिट ने बीजेपी 83-95, कांग्रेस 100-112, जेडीएस 21-29, अन्य- 2-6 सीटें दी हैं।