Athani Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के लिए सत्ता में बने रहना एक बहुत बड़ी चुनौती है। वहीं कांग्रेस भी इस बार कर्नाटक की सत्ता के सिंहासन पर विराजमान होने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। गांधी परिवार के तीनों दिग्गज सोनिया, राहुल, प्रियंका राज्य में जनसभाएं कर चुके हैं। वहीं बीजेपी की तरफ से पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार को धार दे चुके। दोनों पार्टियां प्रत्येक सीट पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

अथानी सीट पर कांग्रेस-बीजेपी के बीच मुकाबला दिलचस्प

इन्हीं में से कर्नाटक के बेलगांव जिले की एक अथानी विधानसभा सीट है। यहां से राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया। जिसके बाद उन्होंने पार्टी बदल ली। लक्ष्मण सावदी इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। अथानी सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला द‍िलचस्‍प देखने को मिल सकता है। यही वजह है कि हर किसी की निगाहें इस सीट पर टिकी हुई हैं।

बीजेपी ने कुमाथल्ली तो कांग्रेस ने लक्ष्मण सावदी को मैदान में उतारा

अथानी कर्नाटक विधानसभा के 224 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। यह बेलगाम जिले के अंतर्गत आती है। यह चिक्कोडी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से एक है। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर्नाटक विधान सभा में भाजपा नेता महेश ईरानागौड कुमाथल्ली कर रहे हैं। साल 2018 का चुनाव कुमाथल्‍ली ने कांग्रेस के टिकट पर जीता था, लेक‍िन 2019 में पासा बदल भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद उपचुनाव लड़कर यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी थी। बीजेपी ने कुमाथल्‍ली को फ‍िर से मैदान में उतारा है।

इस साल मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी और मौजूदा विधायक और भाजपा उम्मीदवार महेश कुमाथल्ली के बीच बताया जा रहा है। सावदी ने विधानसभा चुनाव 2023 लड़ने के लिए टिकट से वंचित होने के बाद भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। आम आदमी पार्टी ने संपत कुमार शेट्टी को मैदान में उतारा है, जबकि जद (एस) ने शशिकांत पडसालगी के साथ चुनावी मैदान में जाने का फैसला किया है। इस सीट पर जी. जनार्दन रेड्डी की पार्टी कल्‍याण राज्‍य प्रगत‍ि पक्ष (केआरपीपी) ने भी बसवराज भीमप्पा बिसनाकोप्पा को चुनावी समर में उतारा है।

जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं लक्ष्मण सावदी

कांग्रेस के लक्ष्मण सावदी भाजपा के ट‍िकट पर 2004 से 2013 के बीच जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। 2013 में लक्ष्मण सावदी ने बीजेपी (BJP) के ट‍िकट पर चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के महेश ईरानागौड कुमाथल्ली को 23,771 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी, लेक‍िन 2018 में कांग्रेस के महेश ईरानागौड कुमाथल्ली ने बीजेपी के लक्ष्मण सावदी को 2,331 मतों से मात दी और 2019 का उपचुनाव बीजेपी के ट‍िकट पर लड़कर फ‍िर जीत दर्ज की थी। अब एक बार फ‍िर राजनीतिक के यह दोनों पुराने दिग्गज पार्टियां बदलकर चुनावी मैदान में हैं।

अथानी विधानसभा में 21,7974 है कुल मतदाताओं की संख्या

2019 के आम चुनाव के मुताबिक, अथानी विधानसभा में मतदाताओं की कुल संख्या 21,7974 है। 2011 की जनगणना के अनुसार, अथानी विधानसभा में अनुसूचित जाति के मतदाता लगभग 34,353 हैं, जो लगभग 15.76% है। इस बीच, एसटी मतदाता लगभग 5,449 हैं, जो लगभग 2.5% है। अथानी विधानसभा में मुस्लिम मतदाता लगभग 27,029 हैं, जो लगभग 12.4% है।

13 मई को घोषित होगा परिणाम

कर्नाटक में 10 मई को वोटिंग होगी, जबकि परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे। 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि कर्नाटक में आगामी चुनावों में 9.17 लाख से अधिक पहली बार मतदान करने वाले मतदाता भाग लेंगे।