Karnataka Assembly Election 2018 Voting Updates: कर्नाटक में शनिवार (12 मई) शाम छह बजे मतदान संपन्न हुआ। छह बजे तक 70 फीसदी वोटिंग हुई, जबकि पांच बजे तक यह आंकड़ा 64.5 फीसदी था। साल 2013 में यहां पर 71 फीसदी वोटिंग हुई थी। आपको बता दें कि राज्य में आज 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में से 222 पर मतदान हुआ। शेष दो सीटें पर चुनाव टाल दिया गया। 15 मई को अब मतदान के नतीजे जारी किए जाएंगे। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच इस चुनाव में कड़ी टक्कर मानी जा रही है। ज्यादातर सर्वेक्षणों व रायशुमारियों के अनुसार सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा सत्ता के दो प्रबल दावेदार हैं जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का जनता दल (सेकु) किंगमेकर की भूमिका निभा सकता है।

राज्य में 4.98 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो 2600 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 2.52 करोड़ से अधिक पुरुष, करीब 2.44 करोड़ महिलाएं और 4,552 किन्नर हैं। चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि राज्य में 55,600 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुछ सहायक मतदान केंद्र भी थे। स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 3.5 लाख से अधिक कर्मी चुनाव ड्यूटी पर थे। सूत्रों ने इससे पहले बताया था कि जनजातीय क्षेत्रों में कुछ मतदान केंद्र संबंधित स्थान के पारंपरिक रूप में नजर आएंगे। पहली बार कुछ चुनिंदा मतदान केंद्रों पर दिव्यांग कर्मचारी ड्यूटी पर होंगे।

सूत्रों ने बताया कि लोग मोबाइल ऐप से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार की स्थिति के बारे में जान पाएंगे। वैसे 1985 के बाद से कर्नाटक में कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आ पाया है। उस साल रामकृष्ण हेगड़े की अगुआई में जनता दल फिर सत्ता पर काबिज हुआ था। कांग्रेस, पंजाब के बाद एकमात्र बड़े राज्य पर काबिज रहने के लक्ष्य पर केंद्रित है जबकि भाजपा कर्नाटक में अपनी सरकार बनाने के लिए जुटी हुई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक पार्टी के लिए दूसरी बार दक्षिण में कदम रखने का द्वार होगा। भाजपा ने सिर्फ एक बार 2008 से 2013 तक कर्नाटक में शासन किया था लेकिन उसका कार्यकाल पार्टी की अंदरूनी कलह और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा रहा था। उसके तीन मुख्यमंत्रियों में से एक और फिलहाल मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में थे।

जनता दल (सेकु) के अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने माना है कि उनकी पार्टी के लिए यह जीवन-मरण का सवाल है। जद (सेकु) फिलहाल एक दशक से सत्ता से बाहर है। कांग्रेस को विश्वास है कि वह लगातार सत्ता में नहीं आने के चलन को तोड़ेगी और सिद्धरमैया ने कहा कि उनकी पार्टी इतिहास रचेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुझसे अक्सर कहा जाता है कि इतिहास मेरे विरुद्ध है क्योंकि लंबे समय से कर्नाटक में कोई सरकार फिर से नहीं चुनी गई। लेकिन हम यहां इतिहास रचने के लिए हैं, न कि उसका पालन करने के लिए।’

Bangalore Election 2018 LIVE UPDATES

उधर, कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा ने यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी कि इतिहास दोहराया जाए। वैसे भाजपा ने ‘मिशन 150 (सीट)’ के साथ अपना अभियान शुरू किया था लेकिन शाह ने गुरुवार को कहा कि पार्टी 130 से अधिक सीटें जीतेंगी। 2013 के विपरीत भाजपा इस बार एकजुट है। उस साल वह येदियुरप्पा की केजीपी, बी श्रीरामुलू की बीएसआर कांग्रेस जैसे धड़ों में बंटी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए ताबड़तोड़ प्रचार किया जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। सिद्धरमैया समेत चार वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव मैदान में हैं।

येदियुरप्पा शिकारीपुरा से, कुमारस्वामी चेन्नापटना और रमनगारा से और भाजपा के जगदीश शेट्टार हुब्बली धारवाड़ से चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा की 223 सीटों के लिए शनिवार को मतदान होगा। एक सीट पर मतदान भाजपा उम्मीदवार और वर्तमान विधायक बीएन विजयकुमार के निधन के चलते स्थगित कर दिया गया है। वर्ष 2013 के चुनाव में कांग्रेस को 122 सीटें जीती थीं। भाजपा और जद (सेकु) को 40-40 सीटें मिली थीं। कर्नाटक जनता पक्ष को छह, बडवारा श्रमिकारा रैयतरा को चार, कर्नाटक मक्कल पक्ष, समाजवादी पार्टी और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष को एक एक सीटें मिली थीं और नौ निर्दलीय विजयी रहे थे। मतगणना 15 मई को होगी।

Live Blog

Karnataka Assembly Election 2018 Voting Live Updates:

Highlights

    18:12 (IST)12 May 2018
    मतदान संपन्न, पांच बजे तक 64 फीसदी वोटिंग

    कर्नाटक में मतदान पूरा हो गया है। शाम छह बजे पोलिंग बूथों पर वोटिंग खत्म हुई। शाम पांच बजे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 64.5 फीसदी वोटिंग हुई थी। अब सबकी निगाहें एक्जिट पोलों पर टिकी हैं, जिनके साढ़े छह बजे तक आने का अनुमान है।

    17:35 (IST)12 May 2018
    दिव्यांग व दुल्हन भी पहुंचे वोटिंग को

    बदामी स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान करने के लिए एक दिव्यांग व्हील चेयर पर काफी जद्दोजहद का सामना करते हुए पहुंचा था। वहीं, मदिकेरी में बूथ संख्या 131 पर एक युवती अपनी शादी के दिन मतदान करने पहुंची। वह इस दौरान शादी के लाल जोड़े में थी और उसके साथ परिजन भी मौजूद थे।

    17:32 (IST)12 May 2018
    5 बजे तक 64 फीसदी मतदान

    कर्नाटक चुनाव में बंपर वोटिंग हुई है। शाम पांच बजे तक 64.5 फीसदी मतदान हुआ है। वोटिंग शाम छह बजे तक चलेगी।

    17:13 (IST)12 May 2018
    शांति से हुआ मतदान: EC

    चुनाव आयोग ने दावा किया कि अभी तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है। वोटिंग के लिए वक्त किसी भी हालत में बढ़ाया नहीं जाएगा। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा।

    17:11 (IST)12 May 2018
    कांग्रेसी उम्मीदवार पर 'हमला'

    मतदान के दिन होलेनारासियुर में कांग्रेस के उम्मीदवार बीजे मंजे गोवडा ने आरोप लगाया कि जेडी (एस) के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। पारासनहल्ली में उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी की गई थी, जिसमें उनके असिस्टेंट के सिर में चोट आई है।

    16:48 (IST)12 May 2018
    बुर्के पर वोटिंग से रोका

    दक्षिण कर्नाटक में तीन बजे तक 62 फीसदी मतदान हुआ था। यहां एक जगह पर महिला को पोलिंग बूथ पर वोट देने से सिर्फ इसलिए रोका गया, क्योंकि उसने बुर्का पहन रखा था।

    16:29 (IST)12 May 2018
    पोलिंग बूथ पर सांप से सनसनी!

    केआर पुरम पोलिंग बूथ पर अचानक सांप निकल आया, जिसे देखकर कतार में खड़े लोग इधर-उधर भागने लगे थे। हालांकि, कुछ देर बाद बूथ के बाहर की स्थिति सामान्य हो गई थी।

    16:27 (IST)12 May 2018
    'पीएम न गिराएं स्तर'

    कांग्रेस के रोशन बेग ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद कहा, "मेरे विधानसभा क्षेत्र में मुझे यकीन है कि हम जीतेंगे। हम पीएम का सम्मान करते हैं। वह देश के पीएम हैं, न कि बीजेपी के। उन्हें देश का नेता होना चाहिए और इस तरह से अपना स्तर नहीं गिराना चाहिए।"

    16:12 (IST)12 May 2018
    कलबुर्गी में चुनाव का बहिष्कार

    कलबुर्गी जिले के चित्तापुर तालुक स्थित तारकास्पेत गांव में करीब 3500 लोगों ने मिलकर इस बार के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया है। कारण- उनके ग्राम में ग्राम पंचायत का मुख्यालय नहीं बनाया गया, इसी बात को लेकर उन्होंने इस तरह अपनी नाराजगी जाहिर की।

    16:09 (IST)12 May 2018
    चामराज नगर में वोटिंग रुकी!

    चामराज नगर में ईवीएम में दोपहर साढ़े तीन के आस-पास गड़बड़ी आ गई, जिसके कारण यहां पर मतदान की प्रक्रिया ठप हो गई।

    16:08 (IST)12 May 2018
    द्रविड़ ने डाला वोट, की मीडिया से बात

    15:44 (IST)12 May 2018
    वोटिंग में रोड़ा बनी भीषण गर्मी

    कलबुर्गी में भीषण धूप और गर्मी के कारण मतदान पर प्रभाव पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह पोलिंग बूथों पर भारी भीड़ थी। लंबी कतारों में लोग मतदान करने पहुंचे थे। लेकिन 43 डिग्री तापमान में दोपहर के दौरान जगह-जगह बूथ पर सन्नाटा दिखाई दिया।

    15:41 (IST)12 May 2018
    बूथ पर भिड़े बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता

    हंपी नगर में दोपहर को मतदान के दौरान पोलिंग बूथ पर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

    15:27 (IST)12 May 2018
    दोपहर 3 बजे तक 56 फीसदी मतदान

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 222 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक कुल 56 फीसदी वोटिंग हुई है।

    15:23 (IST)12 May 2018
    'शाह हैं जोकर, पीएम के भाषण खोखले'

    सिद्धारमैया ने कहा है, "अमित शाह कॉमेडी शो हैं, जबकि नरेंद्र मोदी में छवि में एकदम से गिरावट आई है। पीएम के भाषण पूरी तरह से खोखले होते हैं और उनका मतदाताओं पर खासा प्रभाव नहीं पड़ेगा। यही कारण हैं कि हम परेशान नहीं हैं।"

    14:49 (IST)12 May 2018
    सिद्धारमैया ने डाला वोट

    राज्य के मौजूदा सीएम सिद्धारमैया ने चांमुडेश्वरी में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वह इस सीट के अलावा बदामी विधानसभा सीट से भी चुनाव में खड़े हुए हैं।

    14:18 (IST)12 May 2018
    राहुल द्रविड़ ने किया मतदान

    14:16 (IST)12 May 2018
    1 बजे तक 37 फीसदी वोटिंग

    राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव में एक बजे तक 37 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है। इससे पहले 11 बजे तक 24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।

    14:11 (IST)12 May 2018
    चामुंडेश्वरी में मतदाताओं को बांटा जा रहा पैसा

    कर्नाटक के मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जेडीएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एएनआई के मुताबिक सिद्धारमैया का आरोप है कि जेडीएस मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांट रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा साफ तौर पर चामुंडेश्वरी में जेडीएस का समर्थन कर रही हैं। यहां उन्होंने डमी उम्मीदवार उतारा है।

    13:37 (IST)12 May 2018
    बेलगामी में मतदान करने पहुंची महिला को पोलिंग बूथ रोका गया

    न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के बेलगामी में मतदान के लिए बुर्का पहनकर पहुंची मुस्लिम महिला को पोलिंग बूथ पर रोका गया। हालांकि बाद में एक महिला अधिकारी द्वारा पहचान के बाद मतदान की अनुमति दे दी गई।

    12:53 (IST)12 May 2018
    ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप

    कांग्रेस प्रवक्ता ब्रिजेश कलप्पा ने ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि बेंगलुरु में जहां भी मतदाता बटन दबा रहे हैं वोट भाजपा को जा रहा है। इसलिए नाराज मतदाता वापस लौट रहे हैं।

    12:09 (IST)12 May 2018
    11 बजे तक 24 फीसदी मतदान

    न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक कर्टनाक विधानसभा चुनाव के लिए डाले जा रहे वोट में खासा इजाफा दर्ज किया गया है। 11 बजे तक 24 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।

    11:47 (IST)12 May 2018
    भाजपा नेता की तस्वीर शेयर कर बोले आईपीएस संजीव भट्ट

    आईपीएस संजीव भट्ट ने भाजपा मुख्यमंत्री उम्मीदवार येदियुरप्पा की तस्वीर शेयर कर कहा है कि एग्जिट पोल से पहले उनके चेहरे पर संशय की कहानी आपको साफ बताती है। 

    11:16 (IST)12 May 2018
    धर्मगुरु ने डाला वोट

    धर्मगुरु श्री श्री रविशंकर ने कनकपूरा में मतदान किया।

    10:15 (IST)12 May 2018
    राजयोगिंद्र महास्वामी ने डाला वोटो

    मुरुसवीर मठ के गुरुसिद्धा राजयोगिंद्र महास्वामी हुबली में अपना वोट देने के लिए पहुंचे

    09:29 (IST)12 May 2018
    सुबह 9 बजे बजे 10 फीसदी वोटिंग

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक 10.6 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।

    09:05 (IST)12 May 2018
    भाजपा सासंद ने डाला वोट

    भाजपा सांसद राजीव चंद्र शेखर ने बेंगलुरु के कर्नाटक रेड्डीजाना संघ में अपना वोट डाला।

    08:30 (IST)12 May 2018
    मतदान से पहले गो पूजा

    बेलारी में भाजपा उम्मीदवार बी श्रीरामलु मतदान करने पहले गो पूजा करने पहुंचे। श्रीरामलु मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ बादामी से सीट चुनावी मैदान मे हैं।

    08:15 (IST)12 May 2018
    बेंगलुरु के बूथ नंबर 172 का हाल

    कर्नाटक चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पहुंचने शुरू हो गए हैं।

    07:39 (IST)12 May 2018
    गुलबर्ग साउथ में वोट डालते पहुंचे मतदाता

    गुलबर्ग साउथ के बूथ नंबर 159 पर वोटिंग डालते मतादात।

    07:26 (IST)12 May 2018
    भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार येदियुरप्पा पहुंचे वोट डालने
    07:23 (IST)12 May 2018
    सुबह सात बजे डाला गया पहला वोट

    कर्नाटक में वोटिंग शुरू हो चुकी हैं। सुबह सात बजे पहला वोट डाला गया।