Karnataka Assembly Election 2018 Voting Updates: कर्नाटक में शनिवार (12 मई) शाम छह बजे मतदान संपन्न हुआ। छह बजे तक 70 फीसदी वोटिंग हुई, जबकि पांच बजे तक यह आंकड़ा 64.5 फीसदी था। साल 2013 में यहां पर 71 फीसदी वोटिंग हुई थी। आपको बता दें कि राज्य में आज 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में से 222 पर मतदान हुआ। शेष दो सीटें पर चुनाव टाल दिया गया। 15 मई को अब मतदान के नतीजे जारी किए जाएंगे। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच इस चुनाव में कड़ी टक्कर मानी जा रही है। ज्यादातर सर्वेक्षणों व रायशुमारियों के अनुसार सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा सत्ता के दो प्रबल दावेदार हैं जबकि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का जनता दल (सेकु) किंगमेकर की भूमिका निभा सकता है।
राज्य में 4.98 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो 2600 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में 2.52 करोड़ से अधिक पुरुष, करीब 2.44 करोड़ महिलाएं और 4,552 किन्नर हैं। चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि राज्य में 55,600 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुछ सहायक मतदान केंद्र भी थे। स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 3.5 लाख से अधिक कर्मी चुनाव ड्यूटी पर थे। सूत्रों ने इससे पहले बताया था कि जनजातीय क्षेत्रों में कुछ मतदान केंद्र संबंधित स्थान के पारंपरिक रूप में नजर आएंगे। पहली बार कुछ चुनिंदा मतदान केंद्रों पर दिव्यांग कर्मचारी ड्यूटी पर होंगे।
सूत्रों ने बताया कि लोग मोबाइल ऐप से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार की स्थिति के बारे में जान पाएंगे। वैसे 1985 के बाद से कर्नाटक में कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आ पाया है। उस साल रामकृष्ण हेगड़े की अगुआई में जनता दल फिर सत्ता पर काबिज हुआ था। कांग्रेस, पंजाब के बाद एकमात्र बड़े राज्य पर काबिज रहने के लक्ष्य पर केंद्रित है जबकि भाजपा कर्नाटक में अपनी सरकार बनाने के लिए जुटी हुई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक पार्टी के लिए दूसरी बार दक्षिण में कदम रखने का द्वार होगा। भाजपा ने सिर्फ एक बार 2008 से 2013 तक कर्नाटक में शासन किया था लेकिन उसका कार्यकाल पार्टी की अंदरूनी कलह और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा रहा था। उसके तीन मुख्यमंत्रियों में से एक और फिलहाल मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में थे।
जनता दल (सेकु) के अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने माना है कि उनकी पार्टी के लिए यह जीवन-मरण का सवाल है। जद (सेकु) फिलहाल एक दशक से सत्ता से बाहर है। कांग्रेस को विश्वास है कि वह लगातार सत्ता में नहीं आने के चलन को तोड़ेगी और सिद्धरमैया ने कहा कि उनकी पार्टी इतिहास रचेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुझसे अक्सर कहा जाता है कि इतिहास मेरे विरुद्ध है क्योंकि लंबे समय से कर्नाटक में कोई सरकार फिर से नहीं चुनी गई। लेकिन हम यहां इतिहास रचने के लिए हैं, न कि उसका पालन करने के लिए।’
Bangalore Election 2018 LIVE UPDATES
उधर, कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा ने यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी कि इतिहास दोहराया जाए। वैसे भाजपा ने ‘मिशन 150 (सीट)’ के साथ अपना अभियान शुरू किया था लेकिन शाह ने गुरुवार को कहा कि पार्टी 130 से अधिक सीटें जीतेंगी। 2013 के विपरीत भाजपा इस बार एकजुट है। उस साल वह येदियुरप्पा की केजीपी, बी श्रीरामुलू की बीएसआर कांग्रेस जैसे धड़ों में बंटी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए ताबड़तोड़ प्रचार किया जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। सिद्धरमैया समेत चार वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव मैदान में हैं।
येदियुरप्पा शिकारीपुरा से, कुमारस्वामी चेन्नापटना और रमनगारा से और भाजपा के जगदीश शेट्टार हुब्बली धारवाड़ से चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा की 223 सीटों के लिए शनिवार को मतदान होगा। एक सीट पर मतदान भाजपा उम्मीदवार और वर्तमान विधायक बीएन विजयकुमार के निधन के चलते स्थगित कर दिया गया है। वर्ष 2013 के चुनाव में कांग्रेस को 122 सीटें जीती थीं। भाजपा और जद (सेकु) को 40-40 सीटें मिली थीं। कर्नाटक जनता पक्ष को छह, बडवारा श्रमिकारा रैयतरा को चार, कर्नाटक मक्कल पक्ष, समाजवादी पार्टी और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष को एक एक सीटें मिली थीं और नौ निर्दलीय विजयी रहे थे। मतगणना 15 मई को होगी।
कर्नाटक में मतदान पूरा हो गया है। शाम छह बजे पोलिंग बूथों पर वोटिंग खत्म हुई। शाम पांच बजे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 64.5 फीसदी वोटिंग हुई थी। अब सबकी निगाहें एक्जिट पोलों पर टिकी हैं, जिनके साढ़े छह बजे तक आने का अनुमान है।
बदामी स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान करने के लिए एक दिव्यांग व्हील चेयर पर काफी जद्दोजहद का सामना करते हुए पहुंचा था। वहीं, मदिकेरी में बूथ संख्या 131 पर एक युवती अपनी शादी के दिन मतदान करने पहुंची। वह इस दौरान शादी के लाल जोड़े में थी और उसके साथ परिजन भी मौजूद थे।
कर्नाटक चुनाव में बंपर वोटिंग हुई है। शाम पांच बजे तक 64.5 फीसदी मतदान हुआ है। वोटिंग शाम छह बजे तक चलेगी।
चुनाव आयोग ने दावा किया कि अभी तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है। वोटिंग के लिए वक्त किसी भी हालत में बढ़ाया नहीं जाएगा। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा।
मतदान के दिन होलेनारासियुर में कांग्रेस के उम्मीदवार बीजे मंजे गोवडा ने आरोप लगाया कि जेडी (एस) के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। पारासनहल्ली में उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी की गई थी, जिसमें उनके असिस्टेंट के सिर में चोट आई है।
दक्षिण कर्नाटक में तीन बजे तक 62 फीसदी मतदान हुआ था। यहां एक जगह पर महिला को पोलिंग बूथ पर वोट देने से सिर्फ इसलिए रोका गया, क्योंकि उसने बुर्का पहन रखा था।
केआर पुरम पोलिंग बूथ पर अचानक सांप निकल आया, जिसे देखकर कतार में खड़े लोग इधर-उधर भागने लगे थे। हालांकि, कुछ देर बाद बूथ के बाहर की स्थिति सामान्य हो गई थी।
कांग्रेस के रोशन बेग ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद कहा, "मेरे विधानसभा क्षेत्र में मुझे यकीन है कि हम जीतेंगे। हम पीएम का सम्मान करते हैं। वह देश के पीएम हैं, न कि बीजेपी के। उन्हें देश का नेता होना चाहिए और इस तरह से अपना स्तर नहीं गिराना चाहिए।"
कलबुर्गी जिले के चित्तापुर तालुक स्थित तारकास्पेत गांव में करीब 3500 लोगों ने मिलकर इस बार के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया है। कारण- उनके ग्राम में ग्राम पंचायत का मुख्यालय नहीं बनाया गया, इसी बात को लेकर उन्होंने इस तरह अपनी नाराजगी जाहिर की।
चामराज नगर में ईवीएम में दोपहर साढ़े तीन के आस-पास गड़बड़ी आ गई, जिसके कारण यहां पर मतदान की प्रक्रिया ठप हो गई।
कलबुर्गी में भीषण धूप और गर्मी के कारण मतदान पर प्रभाव पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह पोलिंग बूथों पर भारी भीड़ थी। लंबी कतारों में लोग मतदान करने पहुंचे थे। लेकिन 43 डिग्री तापमान में दोपहर के दौरान जगह-जगह बूथ पर सन्नाटा दिखाई दिया।
हंपी नगर में दोपहर को मतदान के दौरान पोलिंग बूथ पर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 222 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक कुल 56 फीसदी वोटिंग हुई है।
सिद्धारमैया ने कहा है, "अमित शाह कॉमेडी शो हैं, जबकि नरेंद्र मोदी में छवि में एकदम से गिरावट आई है। पीएम के भाषण पूरी तरह से खोखले होते हैं और उनका मतदाताओं पर खासा प्रभाव नहीं पड़ेगा। यही कारण हैं कि हम परेशान नहीं हैं।"
राज्य के मौजूदा सीएम सिद्धारमैया ने चांमुडेश्वरी में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वह इस सीट के अलावा बदामी विधानसभा सीट से भी चुनाव में खड़े हुए हैं।
राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव में एक बजे तक 37 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है। इससे पहले 11 बजे तक 24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।
कर्नाटक के मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जेडीएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एएनआई के मुताबिक सिद्धारमैया का आरोप है कि जेडीएस मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांट रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा साफ तौर पर चामुंडेश्वरी में जेडीएस का समर्थन कर रही हैं। यहां उन्होंने डमी उम्मीदवार उतारा है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के बेलगामी में मतदान के लिए बुर्का पहनकर पहुंची मुस्लिम महिला को पोलिंग बूथ पर रोका गया। हालांकि बाद में एक महिला अधिकारी द्वारा पहचान के बाद मतदान की अनुमति दे दी गई।
कांग्रेस प्रवक्ता ब्रिजेश कलप्पा ने ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि बेंगलुरु में जहां भी मतदाता बटन दबा रहे हैं वोट भाजपा को जा रहा है। इसलिए नाराज मतदाता वापस लौट रहे हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक कर्टनाक विधानसभा चुनाव के लिए डाले जा रहे वोट में खासा इजाफा दर्ज किया गया है। 11 बजे तक 24 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
आईपीएस संजीव भट्ट ने भाजपा मुख्यमंत्री उम्मीदवार येदियुरप्पा की तस्वीर शेयर कर कहा है कि एग्जिट पोल से पहले उनके चेहरे पर संशय की कहानी आपको साफ बताती है।
धर्मगुरु श्री श्री रविशंकर ने कनकपूरा में मतदान किया।
मुरुसवीर मठ के गुरुसिद्धा राजयोगिंद्र महास्वामी हुबली में अपना वोट देने के लिए पहुंचे
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक 10.6 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
भाजपा सांसद राजीव चंद्र शेखर ने बेंगलुरु के कर्नाटक रेड्डीजाना संघ में अपना वोट डाला।
बेलारी में भाजपा उम्मीदवार बी श्रीरामलु मतदान करने पहले गो पूजा करने पहुंचे। श्रीरामलु मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ बादामी से सीट चुनावी मैदान मे हैं।
कर्नाटक चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पहुंचने शुरू हो गए हैं।
गुलबर्ग साउथ के बूथ नंबर 159 पर वोटिंग डालते मतादात।
कर्नाटक में वोटिंग शुरू हो चुकी हैं। सुबह सात बजे पहला वोट डाला गया।