Chittapur Seat In Karnataka: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आने हैं। राज्य में 10 मई को मतदान हुआ था, जबकि 13 मई यानी आज नतीजे आएंगे, लेकिन नेताओं के तीखे बयान के चलते कर्नाटक का यह विधानसभा चुनाव अब तक काफी चर्चा में रहा है। नेताओं की तरफ से ‘जहरीले सांप’, ‘विषकन्या’ और ‘नालायक बेटा’ जैसे भी बयान दिए गए।
कर्नाटक विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके बेटे प्रियांक खड़गे की वजह से भी काफी चर्चा में है। चर्चा की सबसे बड़ी वजह यह भी है कि यह मल्लिकार्जुन खड़गे का होम स्टेट है। जबकि चर्चा की दूसरी वजह इन बाप-बेटे की जोड़ी के विवादित बयान भी हैं। जहां मल्लिकार्जुन खड़गे पीएम मोदी को ‘जहरीला सांप’ बता चुके हैं। वहीं प्रियांक खड़गे प्रधानमंत्री को ‘नालायक बेटा’ कह चुके हैं। हालांकि मल्लिकार्जुन खड़गे अपने बयान पर सफाई भी दे चुके हैं।
आइए जानते हैं प्रियांक खड़गे के बारे में-
प्रियांक खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे हैं और कांग्रेस के नेता हैं। प्रियांक खड़गे वर्तमान में कलबुर्गी जिले की चितापुर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। इस सीट से दो बार लगातार प्रियांग खड़गे विधायक चुने गए हैं, जबकि तीसरी बार यह अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।
कर्नाटक कांग्रेस में प्रियांक खड़गे के नाम एक रिकॉर्ड भी दर्ज है। प्रियांक खड़गे प्रदेश में सबसे कम उम्र में मंत्री बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। साल 2016 में कांग्रेस शासन के दौरान प्रियांक खड़गे मंत्री रह चुके हैं। वो प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कैबिनेट में सबसे कम उम्र के मंत्री थे। उस वक्त प्रियांक खड़गे केवल 38 साल के थे। तब उनको आईटी और पर्यटन मंत्री के तौर पर शपथ दिलवाई गई थी। एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में भी प्रियांक खड़गे समाज कल्याण मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं।
प्रियांक खड़गे का राजनीतिक सफर-
प्रियांक खड़गे के राजनीतिक सफर की बात करें तो प्रियांक की शुरू से ही राजनीति में गहरी रुचि रही है। उन्होंने साल 1998 में NSUI के कार्यकर्ता के तौर पर काम करना शुरू किया था। जबकि साल 1999 में वो अपने कॉलेज में NSUI के महासचिव चुने गए थे। साल 2001 से 2005 तक प्रियांक खड़के कर्नाटक स्टेट NSUI के महासचिव रहे। उसके बाद 2007 से साल 2011 तक प्रियांक ने कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव के पद पर भी काम किया। उसके बाद वे कर्नाटक में युवा कांग्रेस के महासचिव बनाए गए।
ग्राफिक्स और एनिमेशन डिजाइन में डिग्री होल्डर हैं प्रियांग खड़गे
बेंगलुरु में जन्मे प्रियांक खड़गे के पास ग्राफिक्स और एनिमेशन डिजाइन में डिग्री भी है। वो ग्राफिक्स डिजाइन में एक प्रोफेशनल के तौर पर भी काम कर चुके हैं, लेकिन उनके पॉलिटिकल करियर में एक बड़ा उछाल तब आया, जब वो साल 2009 में कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव में चितापुर से चुनाव लड़कर राजनीति में प्रवेश किया। हालांकि सक्रिय राजनीति में उनका डेब्यू निराशाजनक रहा। क्योंकि उनको भाजपा प्रत्याशी के सामने हार का मुंह देखना पड़ा, लेकिन साल 2013 विधानसभा चुनाव में प्रियांग ने जीत के साथ कर्नाटक विधासभा में एंट्री की। साल 2016 में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाए गए। उनकी इस जीत का सिलसिला आगे भी जारी रहा। साल 2018 में भी उन्होंने जीत दर्ज की। इस बार वो एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बने। प्रियांक खड़गे एक बार फिर से चितापुर सीट से चुनावी मैदान में हैं।