Lok Sabha Election 2019: राजस्थान के सूरतगढ़ में जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जमकर मोदी सरकार पर हमला किया। राहुल ने केंद्र सरकार पर वार करते हुए कहा- उन्होंने नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स दिया। लेकिन हम न्याय (NYAY) दिया।
गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक: मोदी सरकार पर वार करते हुए राहुल गांधी ने NYAY को गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक बताया। इसके साथ ही राहुल ने कहा कि देश में अब भी 25 करोड़ लोग गरीब हैं। यह देश के लिए शर्म की बात है। वहीं राहुल ने कांग्रेस पार्टी द्वारा 20 फीसदी सबसे गरीब लोगों को सालाना 72 हजार रुपए देने के वादे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के 20 प्रतिशत सबसे गरीब लोगों को कांग्रेस पार्टी की सरकार हर साल 12 हजार रुपए देगी।
National Hindi News Today LIVE: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे: राहुल गांधी ने कहा कि हम गरीबों की बात करते हैं। हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे। इसके बाद राहुल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव दो विचारधाराओं की लड़ाई है। जिसमें मोदी सरकार के हिंदुस्तान में सिर्फ अमीर ही सपना देख सकता है। वहीं नोटबंदी का जिक्र कर राहुल ने कहा कि नोटबंदी के जरिए कालाधन रखने वालों की मदद की गई थी।
GST ने देश में बेरोजगारी बढ़ाई है: जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताते हुए राहुल ने कहा कि इन कदमों ने देश में बेरोजगारी बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की रक्षा और युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान देगी। बता दें कि राहुल के संबोधन से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी सभा को संबोधित किया। गौरतलब है कि 11 अप्रैल से लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होंगे। वहीं सात चरणों के मतदान के नतीजे 23 मई को आएंगे।