अभिनव साहा, सुकृति बरुआ

दिल्ली में शुक्रवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। इसके चलते सभी पार्टी उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार किया और रोडशो किए। हालांकि पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर आखिरी दिन के चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी पार्टी के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल शुक्रवार को ईस्ट दिल्ली में एक रोडशो करते हुए गौतम गंभीर कार के अंदर बैठे दिखाई दिए, वहीं गंभीर जैसा दिखने वाला शख्स गाड़ी के ऊपर बैठकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहा था। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने गंभीर पर निशाना साधा है। खबर के अनुसार, गौतम गंभीर का रोडशो सुबह 11.30 बजे मयूर विहार फेज 3 से शुरु हुआ। इसके बाद यह त्रिलोकपुरी पहुंचा। गंभीर ने इस दौरान सफेद कुर्ता और एक कैप पहनी हुई थी। त्रिलोकपुरी पहुंचने के कुछ देर बाद गंभीर कार के अंदर बैठ गए और एक अन्य उनके जैसा दिखने वाला शख्स कार के ऊपर लोगों का अभिवादन स्वीकार करने लगा।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर इसकी आलोचना की है और कहा कि “यह भाजपा और कांग्रेस की महामिलावट है। गौतम गंभीर एसी कार में अंदर बैठे हैं। उन्हें गर्मी से दिक्कत हो रही है। उनका एक हमशक्ल उनकी जगह कैप पहनकर खड़ा है। लोग कन्फ्यूज होकर डुप्लीकेट को गौतम गंभीर समझकर उन्हें माला पहना रहे हैं और जो डुप्लीकेट है, वो कांग्रेस कार्यकर्ता है।” भाजपा ने आप के आरोपों को नकारा है और सफाई दी है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने द इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में बताया कि गाड़ी के ऊपर खड़ा शख्स गंभीर का बचपन का दोस्त गौरव अरोड़ा है और एक भाजपा कार्यकर्ता है। गौरव के पिता मनोहर अरोड़ा भी करोल बाग से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।

भाजपा के पूर्वी दिल्ली प्रभारी राजीव बब्बर का कहना है कि 10-15 मिनट के लिए गंभीर कार के अंदर बैठ गए थे, क्योंकि वह कुछ अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। इस दौरान पार्टी वर्कर कार के ऊपर से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे, जो कि सामान्य बात है। गंभीर ने भी बाद में ट्वीट कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और लिखा कि “अपनी हार को सामने देखकर आम आदमी पार्टी बहाना ढूंढ रही है और इस बार उन्होंने मेरे हमशक्ल का मुद्दा उठाया है।”