अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को फाइनल वोटिंग हुई। डोनाल्ड ट्रंप अकसर प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त बताते रहे हैं। अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को लुभाने के लिए दोनों ही उम्मीदवारों ने 14 भारतीय भाषाओं में प्रचार किया। अब ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भारत का विवादित नक्शा ट्वीट किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बता दिया गया। यही नहीं उत्तर-पूर्व के हिस्से को भी अलग दिखाया गया है।
ट्रंप जूनियर ने यह नक्शा ट्वीट करके प्रेडिक्शन की है कि कौन से देश उनके समर्थन में हैं और कौन जो बाइडेन का पक्ष ले रहे हैं। इसमें भारत को भी जो बाइडेन का समर्थक बताया गया है। अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन के लिए लाल रंग और डेमोक्रेट्स के लिए नीला रंग माना गया है। ट्रंप जूनियर ने दुनिया के मैप को दो रंगों में दिखाया है। लाल रंग से उन्होंने अपने समर्थकों की बात कही है जबकि नीले से अपने विरोधियों की ओर संकेत किया। भारत को भी नीले रंग से ही दिखाया गया है। उन्होंने ईरान और रूस को भी अपना समर्थक ही बता दिया है। जो देश बाइडेन के समर्थक बताए गए हैं उनमें भारत, चीन और मेक्सिको शामिल हैं।
डोनाल्ट ट्रंप जूनियर ने नक्शा ट्वीट करते हुए लिखा, ‘OK, आखिर में मैप के जरिए मेरी चुनावी भविष्यवाणी।’ उन्होंने हैश टैग में इलेक्शन 2020 और वोट का इस्तेमाल किया। इस मैप की काफी आलोचना हो रही है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘नमो के ब्रोमांस की कीमत। कश्मीर और उत्तरपूर्व को भारत से ही काट दिया।’
Okay, finally got around to making my electoral map prediction. #2020Election #VOTE pic.twitter.com/STmDSuQTMb
— Donald Trump Jr. (@DonaldJTrumpJr) November 3, 2020
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप भी राष्ट्रपति चुनाव के भाषण के दौरान भारत की हवा को गंदा बता चुके हैं। उन्होंने कहा था रूस और भारत की हवा बहुत गंदी है। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने भी कहा कि हाउडी मोदी का रिजल्ट निकलकर आ रहा है। बाइडेन ने भारत की हवा को गंदा बताने पर ट्रंप पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि वह भारत के साथ साझेदारी का बहुत सम्मान करते हैं। इस तरह से अपने मित्रों के बारे में बात नहीं की जा सकती।