मध्य प्रदेश के आगर में भाजपाइयों के खिलाफ थान में मामला दर्ज हुआ है। जिसके बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मनोहर ऊंटवाल पर हमला करते हुए कहा कि- ओ मनोहर ऊंटवालजी सुन लेना… 11 दिसंबर के बाद दिखोगे भी नहीं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल मध्य प्रदेश के आगर से भाजपा प्रत्याशी मनोहर ऊंटवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के बाद भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़ गए। जिसके बाद थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी हंगामा भी किए। जिसके बाद भाजपाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
दिग्विजय को मिली इसकी खबर
शनिवार को दिग्विजय सिंह आगर में कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े के समर्थन में सभा करने पहुंचे तो उन्हें इस विवाद के बारे में पता लगा। जिसके बाद दिग्विजय ने मंच से ही भाजपा प्रत्याशी ऊंटवाल पर हमला करते हुए कहा कि- वानखेड़े को देख लेने की धमकी दी जा रही है। दादागिरी की जा रही है। ओ मनोहर ऊंटवालजी सुन लेना.. 11 दिसंबर के बाद दिखोगे भी नहीं। हम न तुम्हारे मामा शिवराज से डरते हैं और न ही तुम्हारे नाना नरेन्द्र मोदी से।
गरमाई है सियासत
गौरतलब है कि प्रदेश में 230 सीटों के लिए 28 नवंबर को मतदान किया जाएगा। ऐसे में प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। आरोप- प्रत्यारोपों के साथ वार-पलटवार का जोरदार सिलसिला जारी है। बता दें 11 दिसंबर को विधानसभा के नतीजे सभी के सामने होंगे।