मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने बुधवार को एक रोडशो का आयोजन किया। यह रोडशो दिग्विजय सिंह और कंप्यूटर बाबा द्वारा आयोजित किया गया। हालांकि इस रोडशो की खास बात ये रही कि इस रोडशो के दौरान पुलिसकर्मी भगवा स्कार्फ पहने ड्यूटी पर तैनात दिखाई दिए। भगवा स्कार्फ पहनने वाले पुरुष और महिला पुलिसकर्मी सिविल यूनिफॉर्म में थे। न्यूज एजेंसी एएनआई ने जब रोडशो में शामिल महिला पुलिसकर्मियों से सवाल किया तो उन्होंने बताया कि ‘उन्हें ये स्कार्फ पहनने के लिए कहा गया है।’

कंप्यूटर बाबा भोपाल लोकसभा के चुनाव में दिग्विजय सिंह का खुलकर समर्थन कर रहे हैं। मंगलवार को कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह के समर्थन में भोपाल के शिक्षा कॉलेज मैदान पर हठ योग का आयोजन किया। दिग्विजय सिंह ने भी अपनी पत्नी के साथ इस पूजा कार्यक्रम में शिरकत की थी। बता दें कि कंप्यूटर बाबा पहले भाजपा समर्थक थे और पूर्व की शिवराज सरकार ने उन्हें दर्जा प्राप्त मंत्री भी बनाया था, लेकिन बाद में नाराज होकर उन्होंने भाजपा का साथ छोड़ दिया था। मौजूदा लोकसभा चुनाव में वह दिग्विजय सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

भोपाल लोकसभा सीट पर चुनाव काफी अहम है। दरअसल कांग्रेस ने जहां भोपाल से अपने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को उतारा है, वहीं भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा को दिग्विजय सिंह के खिलाफ उतारा है। साध्वी प्रज्ञा मालेगांव ब्लास्ट में आरोपी हैं। साध्वी प्रज्ञा की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी है। कांग्रेस नेताओं ने मालेगांव ब्लास्ट के बाद भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। अब भाजपा साध्वी प्रज्ञा के बहाने कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रही है। भोपाल लोकसभा सीट बीते कई सालों से भाजपा का गढ़ रही है। यही वजह है कि इस बार यहां मुकाबला काफी रोचक हो गया है। भोपाल लोकसभा सीट पर छठे चरण के तहत 12 मई को वोट डाले जाएंगे।