आगामी दिल्ली नगर निगम चुनाव के प्रचार का आगाज करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को ऐतिहासिकरामलीला मैदान में कहा कि दिल्ली नगर निगम का चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) को उखाड़ फेंकने की नींव डालने का काम करेगा। उन्होंने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि यह जिम्मेदारी अब भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की है। शाह ने कहा कि केजरीवाल सरकार से दिल्लीवासियों का मोहभंग हो गया है। उन्होंने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन साल में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं लगा जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार के शासन में दिल्ली में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।  शाह ने अरविंद केजरीवाल की ओर से चुनावों से पहले किए गए वादों और घोषणाओं को लेकर उनसे कई सवाल भी पूछे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि महिलाओं की सुरक्षा का क्या हुआ? उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई वादे किए थे, लेकिन उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने केजरीवाल से कहा कि वे सिर्फ सात दिन पहले बनी यूपी की योगी सरकार से सवाल कर रहे कि उन्होंने चुनावों में जो वादे किए थे, वे क्यों नहीं पूरे किए। शाह ने कहा कि योगी सरकार को तो अभी सात दिन ही हुए हैं, लेकिन केजरीवाल सरकार को तो ढाई साल हो गए हैं। चुनावी घोषणापत्र में आप ने कहा था कि 500 स्कूल बनाएंगे, क्या वे बने? 28 हजार अतिथि शिक्षकों को नियुक्त किया जाएगा, क्या वे किए गए? दिल्ली में 20 डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, क्या वे खुले? दिल्ली में तीन आइआइटी खोले जाएंगे, क्या वे खुले? दिल्ली में आम आदमी कैंटीनें खोली जाएंगी, क्या वे खुलीं? शाह ने कहा कि केजरीवाल कहते थे कि वे साफ-सुथरा शासन देंगे, लेकिन क्या दिल्लीवालों को साफ शासन मिला। शाह ने कहा कि केजरीवाल ने चुनाव में वादे तो दिल्ली की जनता से किए, लेकिन वे कभी गोवा में तो कभी पंजाब में मिले। दिल्ली से जो वादे किए थे, उन्होंने वो वादे क्यों नहीं निभाए।

सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देश और सेना पर सीमा पार से प्रायोजित हमले हो रहे थे। देश की सेना हताश थी। प्रधानमंत्री ने सेना को कार्रवाई की पूरी छूट दी। सेना ने सीमा पार सर्जिकल स्ट्राइक की। उन्होंने कहा कि हमने अर्थतंत्र को मजबूत करने की बात कही थी और आज देश का अर्थतंत्र सबसे तेजी से बढ़ने वाला है। हर गांव में बिजली की बात कही थी और हम इस दिशा में ठोस पहल कर रहे हैं। दो करोड़ गरीब महिलाओं तक उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी सिलेंडर पहुंचाया। स्टैंड अप और स्टार्ट अप इंडिया शुरू कर देश में नई कार्य संस्कृति बनाई। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें चुनावों में अपने-अपने बूथों को मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा की हर राज्य में जीत का कारण उसके कार्यकर्ता हैं और अब उन्हें दिल्ली की केजरीवाल सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना होगा।

23 अप्रैल को होने वाले निगम चुनाव में भाजपा ने सभी नए चेहरों को टिकट देने का एलान किया है, जिसके लिए पार्टी को करीब 33 हजार आवेदन मिल चुके हैं। शनिवार को हुई रैली को पंच परमेश्वर रैली का नाम दिया गया। पार्टी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को ‘पंच परमेश्वर’ नाम दिया है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से लोगों को दिल्ली सरकार के घोटाले बताने और निगम चुनाव में भाजपा की जीत का परचम लहराने को कहा। 23 अप्रैल को नगम चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।