पूर्ण राज्य पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लेकर भाजपा जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। सोमवार को यह बयान आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में आपत्ति दर्ज कराने के बाद भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पूर्ण राज्य को लेकर झूठ बोल रहे हैं। इस मामले में ‘आप’ की तरफ से भाजपा को एक पत्र भेजा गया है और पांच सवाल भी पूछे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा इस पत्र का जवाब नहीं देती है तो आम आदमी पार्टी में इनके झूठ की चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएगी।
गोपाल राय ने कहा कि मामले में पार्टी ने पहले भी भाजपा से तीन सवाल पूछे थे लेकिन आज तक इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि 2014 के चुनाव घोषणा पत्र में भाजपा ने जनता से पूर्ण राज्य के अधिकार का वादा किया था। इसके बाद दिल्लीवालों ने सातों सीट भाजपा को दी थी लेकिन आज तक वादे को पूरा करने के लिए कोई पहल नहीं की है। भाजपा ने आम जनता को धोखा दिया है। कहा कि सच्चाई यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने आज तक पूर्ण राज्य के अधिकार को लेकर कोई भी फैसला नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि पांच जजों की संविधान पीठ द्वारा 4 जुलाई 2018 और 14 फरवरी 2019 के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को यदि भाजपा आधार बना रही है तो इन आदेशों में भी ऐसी स्पष्टता नहीं है। इन आदेशों की प्रतियां भाजपा को उपलब्ध कराई जा सकती हैं। पूर्ण राज्य के दर्जे से इनकार करने के संबंध में यदि भाजपा के पास कोई प्रमाण है तो इन्हें सार्वजनिक किया जाए।
कांग्रेस की वजह से कमजोर हो रही है भाजपा विरोधी मुहिम
राय का कहना है कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस में भ्रम है। इस भ्रम की वजह से देश में भाजपा विरोधी मुहिम कमजोर हो रही है। कांग्रेस के इस महा भ्रम की वजह से सीधा लाभ भाजपा को हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं यह बात तथ्यों के आधार पर कह रहा हूं। दिल्ली समेत जैसे उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और केरल में कांग्रेस का ऐसा ही रवैया है। इन राज्यों में कांग्रेस के अलावा अन्य विपक्षी दल ही हैं, जो भाजपा को चुनौती दे रहे हैं।