कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा द्वारा भाजपा के शीर्ष नेताओं को पैसे देने के दावे वाली खबर का हवाला देते हुए शुक्रवार (22 मार्च) को भाजपा पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सत्तारुढ़ पार्टी के सारे ‘चौकीदार’ चोर हैं। उन्होंने एक खबर शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के सारे चौकीदार चोर हैं। नरेंद्र मोदी, अरुण जेटली, राजनाथ सिंह।’’ उन्होंने जो खबर शेयर की है उसमें दावा किया गया है कि कर्नाटक का मुख्यमंत्री रहते हुए येदियुरप्पा ने भाजपा की केंद्रीय समिति को एक हजार करोड़ रुपये दिए। इसमें एक डायरी के आधार पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम भी लिए गए हैं।

इससे पहले कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसी खबर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि इसकी लोकपाल से जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने मीडिया में आई उन खबरों पर लोकपाल से जांच कराने की मांग की है जिनमें आरोप लगाया गया है कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा के प्रमुख नेताओं को 1,800 करोड़ रुपये दिये गए। दूसरी तरफ, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के आरोप को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि इस आरोप और तथाकथित डायरी की कोई प्रामाणिकता नहीं है। प्रसाद ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अब झूठ के आधार पर चलेगी?

प्रसाद ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि विपक्षी दल हताश है क्योंकि उसके कई प्रमुख नेता जमानत पर हैं और उसने उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ झूठ का जाल बुनने बनाने का सहारा लिया है। प्रसाद ने कहा, ‘‘सुबह से हम बेसब्री से राहुल गांधी के संवाददाता सम्मेलन का इंतजार कर रहे थे। और अगर यह इतना बड़ा खुलासा था,तो उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मीडिया को संबोधित क्यों नहीं किया? हताश कांग्रेस ने अपना संतुलन खो दिया है, जिसके कई नेता जमानत पर हैं और अब वह झूठ, गलत बयानी और झूठ का जाल बुनने का सहारा ले रही है।’’

येदियुरप्पा के बचाव में खुद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी आगे आए। उन्होंने येदियुरप्पा के खिलाफ लगाए गए आरोप को ‘‘झूठ’’ करार दिया और जोर देकर कहा कि विपक्षी दल का अभियान खस्ताहाल है और वह हताशा में ‘‘जालसाजी’’ पर भरोसा कर रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि येदियुरप्पा पर हमला करने के लिये उनकी पार्टी ‘‘कुछ पन्नों’’ का हवाला दे रही है जो ‘‘उतने ही विश्वसनीय हैं जितनी राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता।’’ शाह ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘सभी फर्जी मुद्दों के ढहने के बाद हताश कांग्रेस अब जालसाजी पर भरोसा कर रही है। कांग्रेस का अभियान खस्ताहाल है। अब जालसाजी भी उन्हें नहीं बचा सकती। कांग्रेस के एक मंत्री द्वारा दिये गए कुछ पन्ने उतने ही विश्वसनीय और भरोसेमंद हैं जितना राहुल गांधी का नेतृत्व कौशल।’’