कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने एक बार फिर से भाजपा और ईवीएम की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। आजाद ने कहा कि भाजपा ईवीएम का गलत लाभ उठा रही है। इससे जनता का भरोसा ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया से उठ रहा है। आजाद ने भाजपा पर ये आरोप सर्वदलीय बैठक के दौरान लगाए। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे थे। कांग्रेस ने ये आरोप पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आने से एक दिन पहले लगाए हैं। ये आरोप इसलिए भी अहम हैं क्योंकि चुनाव के बाद आए लगभग सभी सर्वेक्षणों में कांग्रेस को भाजपा पर बढ़त लेने का अनुमान लगाया है। इसके बाद ये कहा जा रहा था कि कांग्रेस अब इस मुद्दे पर चुप रहेगी।

कांग्रेस नेता आजाद ने सर्वदलीय बैठक के बाद कहा कि भाजपा ईवीएम का गलत तरीके से फायदा उठा रही है। ईवीएम मतदान केंद्र के बाद लोगों के घरों और होटलों में भी पाई गई है। इस वजह से लोगों का विश्वास EVM से उठ गया है। सत्ताधारी पार्टी इसका दुरुपयोग कर रही है। आजाद ने यह भी कहा कि ईवीएम का मुद्दा भी सदन के शीतकालीन सत्र में उठाया जाएगा।

वहीं कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने राफेल घोटाले पर भी सरकार को आड़े हाथों लेने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि राफेल घोटाले की जांच जेपीसी के द्वारा होनी चाहिए लेकिन सरकार इस पर निर्णय नहीं ले पा रही है। उन्होंने कहा कि किसान, महिलाओं की सुरक्षा, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत, रुपये की गिरती कीमत पर चर्चा होनी चाहिए। इसके अलावा जांच एजेंसी के दुरुपयोग पर भी चर्चा हो, RBI की स्वायत्तता खत्म की जा रही है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि विपक्ष रिजर्व बैंक में स्वायत्तता का मुद्दा भी उठाएगा। RBI और सरकार के बीच कथित तनातनी के बीच विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि NDA सरकार देश की हर संस्था की स्वायत्तता में दखल देकर उनको नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र मंगलवार से आरंभ हो रहा है।