Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस के दिग्गज नेता और भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने गुरुवार (29 मार्च) को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से उनका कोई विवाद नहीं है और संघ यदि हिंदुओं का संगठन है तो मैं भी हिंदू हूं। फिर मुझसे बैर क्यों?
इस सवाल के जवाब में बोले दिग्विजय सिंह : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री से पूछा गया कि भाजपा ने आपको संघ व हिन्दू विरोधी बना दिया है, तो उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस से मेरा कोई विवाद नहीं है। यह अगर हिंदुओं का संगठन है तो दिग्विजय सिंह भी हिंदू है। फिर मुझसे बैर क्यों भाई?’’ उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस कोई राजनीतिक संगठन तो है नहीं। आप (आरएसएस) खुद कहते हैं कि यह सांस्कृतिक संगठन हैं। आप (आरएसएस) कोई रजिस्टर्ड बॉडी भी नहीं हैं। राजनीतिक दल भी नहीं है। फिर क्यों नाराज होते हो भाई।’’
मैं अपने धर्म का ढिंढोरा नहीं पीटता : दिग्विजय ने बताया, ‘‘मैं द्वारिका एवं ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का आज से नहीं, बल्कि वर्ष 1983 से दीक्षित शिष्य हूं। मैं अपने धर्म का ढिंढोरा नहीं पीटता और न ही चुनाव में उसका उपयोग करता हूं। बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा बनाए गए भारतीय संविधान के मुताबिक, हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है। उसमें क्यों लोगों को बांटते हो। देश की एकता और अखंडता हमारी शक्ति है। उसे कायम रखना है। सभी धर्म प्रेम और सद्भाव का रास्ता दिखाता है। राजनीति बांटती है, परिवार तक को बांट देती है। इसलिये धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिये।’’
यह हिटलर जैसी मानसिकता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बीजेपी नेताओं द्वारा कांग्रेस मुक्त भारत बनाए जाने पर दिग्विजय ने कहा, ‘‘यही मानसिकता थी (तानाशाह एडोल्फ) हिटलर की। कांग्रेस मुक्त भारत। ढूंढते रह जाएंगे, यानी लोकतंत्र में विपक्ष नहीं होना चाहिए। इसी मानसिकता से तो हम लड़ाई लड़ रहे हैं।’’
झूठ बोलते हैं पीएम मोदी : मोदी पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने देश के युवाओं को हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन नोटबंदी के बाद 27,000 नौकरियां रोज उनके कार्यकाल में कम हो रही हैं। यह हम नहीं कह रहे हैं, यह प्रमाणिक रिकॉर्ड कह रहा है। दिग्विजय ने बताया, ‘‘मोदीजी सही बात करने से डरते हैं। प्रधानमंत्री ने चुनाव के हलफनामे में अपनी वैवाहिक स्थिति नहीं बताई थी। अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी भी छुपा रहे हैं। बता दें, क्या दिक्कत है।’’
मोदी पर जमकर बोला हमला : दिग्विजय सिंह ने कहा कि झूठे आंकड़े पेश करके उसका श्रेय लेना मोदी की आदत में शुमार है। इसके अलावा मोदी ने कहा था कि वे कालाधन विदेशों से वापस लाएंगे। आतंकवाद को खत्म करेंगे। नकली करेंसी खत्म करेंगे, लेकिन न तो कालाधन वापस आया, न आतंकवाद खत्म हुआ और नकली करेंसी समाप्त होने की बजाय बढ़ गई है।