भारतीय जनता पार्टी छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम चुके शत्रुघ्न सिन्हा के साथ ऑल इज गुड नहीं है। कभी भाजपा में रहते हुए पार्टी के ही आलाकमान पर बरसने वाले शत्रुघ्न के साथ भी कुछ वैसा ही हुआ है। लखनऊ लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णन ने शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कृष्णन ने हमला करते हुए कहा, उन्होंने अब तक क्यों नहीं कहा चौकीदार चोर है। साथ ही उन्होंने कहा कि, उनका पूरा परिवार संघी है।

कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम भी लखनऊ से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर ताल ठोंकी है। पत्नी के सपा ज्वाइन करने के बाद से ही उन्हें सपा के समर्थन में प्रचार करते देखा गया है। इसी को आधार बनाते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णन ने हमला करते हुए कहा, ‘वह कांग्रेस ज्वाइन कर चुके हैं, लेकिन आरएसएस नहीं छोड़ पाए हैं। वह और उनका पूरा परिवार जीवन भर बीजेपी में रहा है। उनके संस्कार आरएसएस के दिए हुए हैं। धीरे-धीरे उससे निकल पाएंगे’।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘उनको पार्टी (कांग्रेस) का शक्रिया अदा करना चाहिए कि उन्हें कोई पूछ नहीं रहा था। राहुल गांधी की उदारता के चलते उन्हें सम्मान सहित पार्टी में लाया गया। उन्होंने कहा कि, शत्रुघ्न सिन्हा ने आज तक कभी नहीं बोला कि चौकीदार चोर है। वह आरएसएस के खिलाफ कुछ नहीं कहते हैं। वह भले ही भाजपा छोड़ चुके हों, लेकिन संघ से दूरी नहीं बना पाए हैं। उन्हें पार्टी की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। पार्टी की मर्यादा परिवार से बड़ी है’।

शत्रघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा लखनऊ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी है, भारतीय जनता पार्टी से वर्तमान सांसद और गृह मंत्री राजनाथ सिंह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं कांग्रेस से प्रमोद कृष्णम मैदान में है। बिहार के पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न अपनी पत्नी के नामांकन जुलूस में शामिल हुये थे। साथ ही गुरूवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक जनसभा में भी शामिल हुये थे ।