Chhattisgarh Assembly Election Result: छत्तीसगढ़ की भरतपुर-सोनहाट (एसटी) सीट पर भारतीय जनता पार्टी की रेणुका सिंह ने जीत दर्ज की है। उनका मुकाबला कांग्रेस के गुलाब कामरो से था। शुरुआती रुझानों में गुलाब कामरो इस सीट पर आगे चल रहे थे लेकिन अंत में इस सीट पर रेणुका सिंह ने कमल खिला दिया। 16 राउंड में वोटों की गिनती हुई और उन्हें 55809 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस की बात करें तो गुलाब कामरो को 50890 वोट मिले हैं। इनके बीच 4919 वोटों का अंतर देखने के लिए मिला। यह विधानसभा क्षेत्र आदिवासी वर्ग के लिए सुरक्षित माना जाता है। यह छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है।
2018 में इस सीट पर कांग्रेस का ही कब्जा रहा था। इस सीट पर इस बार बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। दरअसल, बीजेपी ने श्रीमती रेणुका सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने गुलाब सिंह कामरो को अपना प्रत्याशी चुना है। हालांकि एएपी ने सुखवन्ती सिंह पर दाव खेला है।
छत्तीसगढ़ के भरतपुर-सोनहत विधानसभा प्रत्याशी रेणुका सिंह अपने विवादित बयान के चलते कुछ दिनों पहले सुर्खियों में आ गई थीं। उन्होंने कहा था, ‘मैं वो नेता हूं कि जो मेरे कार्यकर्ता की एक उंगली काटेगा तो मैं उसका एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में देना जानती हूं’। बता दें कि इससे पहले चुनाव आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन मामले में उन्हें नोटिस भी दिया था।
कितने हैं मतदाता
भरतपुर सोनहाट विधानसभा सीट छत्तीसगढ़के कोरिया जिले में है। यहां कुल वोटर्स की संख्या 1,70,915 हैं। जिसमें 84,905 पुरुष, 86,004 महिला और 6 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस क्षेत्र में भरतपुर नाम से एक नया जिला बनने के बाद विधायक कांग्रेस के गुलाब कमरो को लेकर क्षेत्र के मतदाताओं में काफी उत्साह है। कमरो अक्सर धार्मिक आयोजनों में भाग लेते हैं। इनका वीडियो अक्सर वायरल होता रहता है। यहां के अधिकतर लोग कृषि पर निर्भर रहते हैं।
2018 चुनाव में क्या रहा था परिणाम
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे गुलाब कमरो को कुल 51732 वोट मिले थे। वहीं दूसरे नंबर पर बीजेपी प्रत्याशी चंपा देवी पावले को महज 35,199 मतों के साथ ही संतोष करना पड़ा था। दोनों प्रत्याशियों में जीत का अंतर 12.4% था। वहीं तीसरे नंबर पर जीजीपी के श्याम सिंह मकरम को 26632 वोट मिले थे। इस बार भी यहां कांग्रेस , बीजेपी और जीजीपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।