Raigarh Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रत्याशियों के नाम से लेकर चुनाव प्रचार तक सभी पर मंथन जारी है। ऐसे ही छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से रायगढ़ लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। रायगढ़ लोकसभा सीट से वर्तमान में भाजपा की गोमती साय सांसद हैं।

साल 1962 में अस्तित्व में आई रायगढ़ लोकसभा सीट के लिए अब तक 15 बार आम चुनाव हो चुके हैं। 15 बार हुए चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस 6 बार चुनाव जीती है जबकि आठ विधानसभा वाले इस लोकसभा सीट पर बीजेपी ने 7 बार और जनता पार्टी ने 1 बार चुनाव जीता है। छत्तीसगढ़ के गठन के बाद आज तक इस सीट पर कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पाई है। 1962 के बाद आज तक हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी का दबदबा रहा है। छत्तीसगढ़ के अलग राज्य बनने से पहले 1952 से 1999 तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र मध्य प्रदेश के अंतर्गत आता था।

रायगढ़ सीट का इतिहास

यहां कभी अंग्रेजों का प्रत्यक्ष शासन नहीं रहा। राजाओं के माध्यम से अंग्रेज यहां राज करते रहे। महाराज मदन सिंह को रायगढ़ का संस्थापक माना जाता है। आज़ादी के बाद रायगढ़ पहला राज्य था जो भारतीय संघ में शामिल हुआ। इस संसदीय क्षेत्र ने छत्तीसगढ़ को जहां दो मुख्यमंत्री दिए वहीं राज परिवार के पांच सदस्य सांसद बनकर दिल्ली पहुंचे। रायगढ़ संसदीय सीट के नाम एक और कीर्तिमान दर्ज है। राज परिवार के पांच सदस्यों ने यहां से प्रतिनिधित्व किया है।

इन दावेदारों की है चर्चा

रायगढ़ सीट पर बीजेपी से शांता साय, गोमती साय, रवि भगत, सुनीति राठिया सत्यानंद राठिया, देवेंद्र प्रताप सिंह, कौशल्या देवी सिंह, सुषमा खलखो के नाम की चर्चा चल रही है। वहीं कांग्रेस की बात करें तो दयाराम धुर्वे, जयमाला सिंह, मेनका सिंह, लालजीत सिंह राठिया प्रत्याशी हो सकते हैं।

लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में रायगढ़ सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार श्रीमती गोमती साय ने जीत दर्ज की थी। गोमती साय को 6.58 लाख वोट हासिल हुए थे। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस के लाल जीत सिंह राठिया को 5.92 लाख मत मिले थे। तीसरा स्थान BSP प्रत्याशी इनोसेंट कुजुर को मिला था। उन्हें 26,956 वोट मिले थे। रायगढ़ सीट पर 15, 729 लोगों ने NOTA का बटन दबाया था।

रायगढ़ का जातीय समीकरण

अनुसूचित जनजाति के लिए रिजर्व रायगढ़ लोकसभा के अंदर 8 विधानसभा शामिल है। इसके अंतर्गत दो जिलों रायगढ़ और जशपुर की 8 विधानसभा सीटें आती हैं, जिसमें जशपुर जिले की 3 विधानसभा और रायगढ़ जिले की 5 विधानसभा शामिल हैं। जशपुर जिले की जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव विधानसभा शामिल है। वहीं, रायगढ़ जिले की लैलूंगा, धरमजयगढ़, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया विधानसभा शामिल है। रायगढ़ लोकसभा सीट में ग्रामीण आबादी का प्रतिशत 85.79 है। कुल आबादी में आदिवासियों का हिस्सा 44 फीसदी है जबकि अनुसूचित जाति की आबादी 11.70 फीसदी है।