देश के 17 राज्यों की 51 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे गुरुवार (24 अक्टूबर) को आ गए। इस दौरान यूपी की 11 सीटों में से बीजेपी ने 7 पर जीत दर्ज की। वहीं, एक सीट पर अपना दल ने जीत दर्ज की। पूरे उपचुनाव में सपा का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उसने रामपुर का अपना गढ़ बचा लिया। साथ ही, बीजेपी व बीएसपी की एक-एक सीट भी अपने नाम कर ली। गुजरात में कांग्रेस ने 3 सीटें जीत ली हैं, जबकि एक पर वह आगे है। बीजेपी के खाते में महज 2 सीटें ही गई हैं। राजस्थान की जाट बहुल दोनों सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं। पंजाब की 4 सीटों में से कांग्रेस ने 3 जीती हैं, जबकि एक सीट पर शिरोमणि अकाली दल ने कब्जा जमाया है।
यहां देखें LIVE नतीजे – हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
यूपी में 47 प्रतिशत हुई थी वोटिंग: बता दें कि यूपी की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 47.05 प्रतिशत वोट पड़े। सहारनपुर जिले की गंगोह सीट पर सबसे ज्यादा 60.30 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, लखनऊ कैंट सीट पर सबसे कम 28.53 प्रतिशत मतदान हुआ। उधर,
केरल में लोगों ने भारी बारिश के बीच मतदान किया। बता दें कि उस दौरान सड़कें जलमग्न हो गईं और कुछ मतदान केंद्रों में भी पानी घुस गया।
UP, Bihar, Rajasthan, Kerala, Punjab, Gujarat By Election Results 2019 Live: Check here
Highlights
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर दावा किया, ‘‘भाजपा इतने अहंकार में है कि गंगोह में हमारे जीतते हुए प्रत्याशी को काउंटिंग सेंटर से निकालकर उनका मंत्री जनता का निर्णय बदलने के प्रयास में है। जिला अधिकारर को पांच-पांच बार फोन पर लीड कम कराने के आदेश आ रहे थे। यह लोकतंत्र का सरासर अपमान है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ सख़्ती से लड़ेगी। निर्वाचन आयोग इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराए।’’ गौरतलब है कि गंगोह में नोमान मसूद और भाजपा के कीरत सिंह के बीच कड़ी टक्कर चल रही है।
यूपी विधानसभा उपचुनाव में लखनऊ कैंट से बीजेपी प्रत्याशी सुरेश तिवारी जीत गए हैं। यह सीट रीता बहुगुणा जोशी के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद खाली हुई थी।
बीजेपी ने सिक्किम की मारतम-रुमतेक (BL) विधानसभा सीट जीत ली है। बीजेपी प्रत्याशी सोनम तश वेनचुंग्पा ने करीब 6 हजार वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने एसडीएफ के नुक शेरिंग भूटिया को हराया।
असम में विधानसभा की चार सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में सत्तारूढ़ भाजपा फिलहाल तीन सीटों पर बढ़त लिए हुए है। रंगापाड़ा सीट पर भाजपा के राजेन बरठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कार्तिक कुर्मी से 19,965 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं राताबाड़ी सीट पर भाजपा के बिजय मालाकार ने कांग्रेस के केशब प्रसाद रजक पर 4,501 मतों से बढ़त बनाई हुई है।
ताजा रुझानों के मुताबिक बरठाकुर को 28,437 मत मिले हैं जबकि कुर्मी ने 8,472 मत हासिल किए हैं। दूसरी तरफ, मालाकार को 13,175 मत मिले हैं जबकि रजक ने 8,674 मत हासिल किए हैं। सोनारी सीट पर भाजपा की नवनीता हांडिक अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुशील कुमार सुरी से 76 मतों से आगे हैं।
अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की एक सीट पर हुए उपचुनाव की बृहस्पतिवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में निर्दलीय प्रत्याशी चकात अबोह दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी अजेट होमटोक से 4,363 मतों से आगे चल रही हैं। अबोह को जहां 5,523 मत मिले हैं वहीं होमटोक ने 1,160 मत हासिल किए हैं। नोटा (उपरोक्त में से कोई नहीं) के पक्ष में करीब 23 मत पड़े।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डी जे भट्टाचार्जी ने बताया कि तिराप जिला मुख्यालय के खोन्सा में कड़ी सुरक्षा के बीच खोन्सा पश्चिम सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है।
असम की 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के रुझान आने लगे हैं। इनमें से 3 सीटों पर बीजेपी ने बढ़त बना रखी है।
यूपी-बिहार समेत देश के 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के शुरुआती रुझान आने लगे हैं। बीजेपी ने यूपी की 11 सीटों में से 7 सीटों पर बढ़त बना रखी है। वहीं, हॉट सीट रामपुर पर सपा सांसद आजम खां की पत्नी तंजीन आगे चल रही हैं। इसके अलावा 2 सीटों पर बीएसपी ने बढ़त हासिल कर ली है। बता दें कि सोमवार (21 अक्टूबर) को हुए इन उपचुनावों में करीब 57 फीसदी मतदान हुआ था।
तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझान के अनुसार सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक को दोनों सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है।
विक्रावांडी निर्वाचन क्षेत्र (विल्लुपुरम जिला) में अन्नाद्रमुक के आर मुतमिलसेल्वन द्रमुक के एन पुगलेंथी से दोपहर 11 बजकर 10 मिनट तक 19,934 मतों से आगे चल रहे थे। तिरुननेलवेली जिले के तहत नानगुनेरी निर्वाचन क्षेत्र में अन्नाद्रमुक के वी नारायणन, द्रमुक सर्मिथत कांग्रेस उम्मीदवार आर मनोहरण से 3033 मतों से आगे चल रहे हैं।
केरल में सत्तारूढ़ पार्टी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) ने 5 सीटों में से 2 पर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
अरुणाचल प्रदेश की खोनसा पश्चिम विधानसभा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी चकत अबोह, दूसरे निर्दलीय उम्मीदवार अजेत होमटोक से 1,371 मतों से आगे चल रहे हैं।
केरल की 5 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव हुआ था। गुरुवार सुबह शुरू हुई मतगणना में बीजेपी पिछड़ गई है और वह तीसरे नंबर पर चल रही है।
उपचुनाव की अधिकतर सीटों पर मोदी फैक्टर नजर आ रहा है। अधिकतर सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है।
21 अक्टूबर को 17 राज्यों की 51 सीटों पर हुए उपचुनाव में यूपी की भी 11 विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें रामपुर सीट पर सबसे ज्यादा नजर है, क्योंकि यहां सपा सांसद आजम खां की साख दांव पर लगी हुई है। आजम ने इस सीट पर अपनी पत्नी तंजीन को उतारा है।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित चित्रकोट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए गुरुवार (24 अक्टूबर) को वोटों की गिनती की जाएगी। इस सीट के लिए इस महीने की 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि चित्रकोट विधानसभा उप निर्वाचन की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सबसे पहले आठ बजे से डाक मतपत्रों गिनती प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद ईवीएम से गणना प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्र पर बनाए गए ‘स्ट्रांग रुम’ को सुबह सात बजे प्रत्याशियों या उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में खोला जाएगा।
बता दें कि 21 अक्टूबर को 2 राज्यों की 2 लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुआ था। इनमें बिहार की समस्तीपुर और महाराष्ट्र की लोकसभा सीट शामिल है। कुछ ही देर में दोनों सीटों के रुझान आने लगेंगे।