भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भाजपा त्रिपुरा में पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी और राज्य को विकास की पटरी पर आगे बढ़ाती रहेगी। अमित शाह ने कहा, “मेरा मानना है कि 2024 के चुनाव में कोई मुकाबला नहीं है, देश पूरे मन से पीएम मोदी के साथ आगे बढ़ रहा है।” केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि त्रिपुरा में भाजपा के सत्ता में आने के बाद अपराध दर में 30 फीसदी की कमी आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुएकहा कि कभी कांग्रेस का प्रभाव वाले राज्य रहे त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में भाजपा अपनी ताकत दिखाएगी।

  1. केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि मतगणना के दिन त्रिपुरा में दोपहर 12 बजे तक भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर लेगी।
  2. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और माकपा के हाथ मिलाने से पता चलता है कि वे अपने दम पर भाजपा को हराने की स्थिति में नहीं हैं और पार्टी के लिए यह बहुत अच्छी स्थिति है।
  3. केंद्रीय गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा 2024 में सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी करेगी। यह भी कहा कि कोई अन्य पार्टी भगवा संगठन के लिए खतरा नहीं है।
  4. शाह ने कहा, “हम अपनी सीटें बढ़ाएंगे और त्रिपुरा में अपना वोट शेयर भी बढ़ाएंगे। कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी एक साथ आए हैं, क्योंकि उन्होंने स्वीकार किया है कि वे अकेले बीजेपी को नहीं हरा सकते। हम राज्य में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।”
  5. पहले जब त्रिपुरा में वामपंथी सत्ता में थे, तब सरकारी कर्मचारियों को वेतन आयोग के तहत भुगतान किया जाता था, लेकिन हमने राज्य में 7वें वेतन आयोग को बिना राजकोषीय घाटा बढ़ाए लागू किया।
  6. त्रिपुरा में हालात को बदलने के लिए पहले ‘चलो पलटाई’ का नारा दिया गया था, और हमने वह किया है। हमने त्रिपुरा में हिंसा को समाप्त किया और राज्य में सीमा पार से ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की।
  7. शाह ने कहा कि 2024 से पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र के सभी राज्यों की राजधानियों को रेल और हवाई संपर्क मिल जाएगा और यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।
  8. गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों में स्थानीय भाषाओं को मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं और कहा कि पूर्वोत्तर के कलाकारों की भागीदारी के बिना दिल्ली में कोई बड़ा आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होता है।
  9. अमित शाह बोले,‘‘भाजपा ने गरीबों, मध्यम वर्ग और आदिवासियों के समग्र विकास के उद्देश्य से सड़कों के निर्माण, स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्रदान करने और दूरदराज के स्थानों पर विद्युतीकरण करने की पहल की।’’
  10. गृहमंत्री बोले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार त्रिपुरा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वहां विकास की रोशनी तेजी से आगे बढ़ रही है।

अमित शाह ने कहा कि आतंकवादी संगठनों के लगभग 8,000 से अधिक कैडरों ने हथियार डाल दिए हैं और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। पूर्वोत्तर को नाकाबंदी, विरोध, बम विस्फोट और उग्रवाद के लिए जाना जाता था। आज वहां सड़कें बनाई जा रही हैं, हवाई अड्डे बनाए जा रहे हैं।