राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर कांग्रेस के घोषणापत्र में हुए हमले के बाद भाजपा नेताओं के पलटवार का दौर जारी है। शिवराज, प्रभात झा और संबित पात्रा के बाद अब मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कांग्रेस की क्लास लगा दी। इंदौर में भाजपा नेताओं के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन करने पहुंची उमा ने कहा कि संघ प्रतिबंधात्मक नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी संगठन है। गौरतलब है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ संघ पर प्रतिबंध की बात को लेकर पहले ही सफाई दे चुके हैं। उन्होंने भाजपा पर मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि घोषणा पत्र में संघ पर प्रतिबंध की बात नहीं कही गई है।

‘संघ को रोकना समुद्री लहरों को रोकने जैसा’

भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने कहा, ‘कांग्रेस संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध की बात कह रही है। यह समुद्र की लहरों को रोकने जैसी कोशिश है। संघ स्वयंसेवक के मन में बसा होता है और कोई प्रतिबंध राष्ट्रवाद को दबा नहीं सकता।’ उमा ने कहा कि कांग्रेस के मित्रों को भी संघ की शाखाओं में जाना चाहिए और राष्ट्रवाद सीखना चाहिए।

…ऐसे शुरू हुआ था विवाद
गौरतलब है कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों के संघ की शाखाओं में शरीक होने पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई थी। इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधा हमला बोलते हुए कहा था, ‘संघ की शाखाएं सरकारी दफ्तरों में भी लगेंगी और सरकारी कर्मचारी भी इनमें हिस्सा लेंगे। कोई रोक नहीं सकता।’ वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस को भगवान राम और संघ का विरोधी करार दिया था।