Karnataka Assembly Election Results 2023: कांग्रेस ने कर्नाटक में शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने विधासभा की कुल 130 सीटों पर विपक्षियों को मात दी है। वहीं बीजेपी ने 63 सीटों पर ही जीत दर्ज की है। इसके अलावा 20 सीटों पर जेडीएस का कब्जा है। वहीं अथानी सीट पर कांग्रेस के लक्ष्मण सावदी ने भारी मतों से जीत हासिल की है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां ने जनता को लुभाने के लिए चुनाव प्रचार के दौरान तमाम तरह के वादे और दावे किए थे। इन सबके बीच जो सबसे बड़ी बात है, वो यह है कि आज जीत का हार किस-किस को पहनने को मिलता है। इस चुनाव में कई ऐसे नेता भी हैं। जिनको टिकट नहीं मिला और उन्होंने दूसरी पार्टी का दामन थाम लिया था। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस के लिए भी बड़ी चुनौती थी। बीजेपी के लिए खुद को सत्ता में बरकरार रखना था। वहीं कांग्रेस के लिए सत्ता में वापसी करना जरूरी था। हालांकि, जो ओपिनियन पोल सामने आए थे, उनके हिसाब से भी यह चुनाव बीजेपी के लिए झटका साबित होने वाला था।

कांग्रेस के लक्ष्मण सावदी जीते

  1. कांग्रेस के लक्ष्मण संगप्पा सावदी 1,00507 मतों से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने बीजेपी के महेश इरांगौडा कुमथल्ली को मात दी है। इरांगौ 40,940 मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वहीं जनता दल के शशिकांत पदसालगी को सिर्फ 988 वोट की मिले।
  2. इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के अनुसार, 12 बजकर 16 मिनट तक कांग्रेस के लक्ष्मण संगप्पा सावदी को 55,144 वोट मिले। बीजेपी के महेश इरांगौडा कुमथल्ली को 22495 और जनता दल के शशिकांत पदसालगी को 504 वोट मिले।
  3. इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के अनुसार, सुबह 11 बजकर 9 मिनट तक कांग्रेस के लक्ष्मण संगप्पा सावदी को 40225 वोट हासिल हुए। बीजेपी के महेश इरांगौडा कुमथल्ली को 15218 और जनता दल के शशिकांत पदसालगी को 388 वोट मिले।
  4. इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के अनुसार, 10 बजकर 8 मिनट पर कांग्रेस के लक्ष्मण संगप्पा सावदी 22,765 मतों के साथ पहले नंबर पर चल रहे हैं। वहीं बीजेपी के महेश इरांगौडा कुमथल्ली 9849 मतों के साथ दूसरे नंबर हैं। तीसरे नंबर जनता दल के शशिकांत पदसालगी को महज 240 वोट ही मिले हैं।

राज्य में 10 मई को सभी विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए थे। कर्नाटक की अथानी विधानसभा सीट भी राज्य की प्रमुख सीटों में से है। जो बेलगांव जिले के अंतर्गत आती है। यहां सीधी टक्कर कांग्रेस के उम्मीदवार (राज्य के पूर्व सीएम) लक्ष्मण सावदी और बीजेपी प्रत्याशी महेश ईरानागौड कुमाथल्ली के बीच देखने को मिल रही थी। कुमाथल्ली इस सीट से मौजूदा विधायक भी हैं। इन दो पार्टियों के अलावा आम आदमी पार्टी ने संपत कुमार शेट्टी को मैदान में उतारा था, जबकि जद (एस) ने शशिकांत पडसालगी के साथ चुनावी मैदान में जाने का फैसला किया था। इस सीट पर जी. जनार्दन रेड्डी की पार्टी कल्‍याण राज्‍य प्रगत‍ि पक्ष (केआरपीपी) ने भी बसवराज भीमप्पा बिसनाकोप्पा को चुनावी समर में उतारा था।

अथानी में कुल कितने हैं मतदाता

2019 के आम चुनाव के मुताबिक, अथानी विधानसभा में मतदाताओं की कुल संख्या 21,7974 है। 2011 की जनगणना के अनुसार, अथानी विधानसभा में अनुसूचित जाति के मतदाता लगभग 34,353 हैं, जो लगभग 15.76% है। इस बीच, एसटी मतदाता लगभग 5,449 हैं, जो लगभग 2.5% है। अथानी विधानसभा में मुस्लिम मतदाता लगभग 27,029 हैं, जो लगभग 12.4% है।

पिछले विधानसभा चुनाव का क्या रहा परिणाम

2018 के विधानसभा चुनाव में महेश कुमथल्ली ने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, उन्होंने एक साल बाद पार्टी बदल ली और 2019 में बीजेपी में शामिल हो गए। 2019 में हुए उपचुनाव में कुमथल्ली ने इस सीट को 39,989 मतों के अंतर से जीता। उन्होंने कांग्रेस नेता गजानन भालचंद्र मंगसुली को हराया, जिन्हें 59,214 मत मिले, जबकि कुमाथल्ली को 99,000 से अधिक वोट मिले।