उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी नेता डिंपल यादव ने नामांकन कर दिया है। उनके नामांकन के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा से समाजवादी पार्टी की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी। उन्होंने इस दौरान बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा और कहा की सत्ताधारी पार्टी के पास दिखाने के लिए काम तक नहीं हैं।

क्या बोले अखिलेश यादव?

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने डिंपल यादव के नामांकन के बाद कहा– ”मैनपुरी की जनता समाजवादी पार्टी को रिकॉर्ड वोटों से जिताने जा रही है. जो लोग 10 साल तक सत्ता में रहे, वो आज अपने सांसदों की फोटो होर्डिंग पर नहीं लगा पा रहे हैं, होर्डिंग्स से सांसदों और प्रत्याशियों की तस्वीरें गायब हैं। आज उनकी एकमात्र उपलब्धि महंगाई और बेरोजगारी है।”

बसपा प्रत्याशी पर क्या बोले अखिलेश यादव?

मैनपुरी लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के बारे में अखिलेश यादव ने कहा–‘बसपा प्रत्याशी भाजपा नेताओं के घर पर बैठते थे, जो प्रत्याशी भाजपा से आया है और जिसे मैदान में उतारा गया है, उससे शाक्य समाज पूरी तरह से अपमानित महसूस कर रहा है।’ अखिलेश यादव ने इस दौरान कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह) का मैनपुरी की जनता ने सम्मान किया है और उनके जाने के बाद भी यह सम्मान बाकी रहा है और पार्टी ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है।

1996 के बाद से मैनपुरी लोकसभा पर सपा का कब्जा रहा है। जब पहली बार मुलायम सिंह यादव इस सीट से सांसद बने थे। इसके बाद बलराम सिंह यादव दो बार यहां से सांसद रहे और उसके बाद 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 में मुलायम सिंह यादव सांसद बनते रहे। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में डिंपल यादव ने इस सीट से जीत दर्ज की थी।