झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी में जाने की तमाम अटकलों और अफवाहों पर विराम लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने नई पार्टी बनाने का ऐलान करके देश की राजनीति में चर्चा का एक नया मुद्दा पैदा कर दिया है। बुधवार 21 अगस्त को नई पार्टी बनाने की बात करते हुए चंपई ने कहा कि इस नए सफर के दौरान रास्ते में कोई दोस्त मिला तो वह उससे भी हाथ मिलाएंगे।
Jharkhand Former CM Champai Soren: कौन हैं चंपई सोरेन ?
चंपई सोरेन झारखंड की राजनीति का एक कद्दावर नाम हैं, जो हेमंत सोरेन और शिबू सोने के काफी करीबी माने जाते हैं। चंपई झारखंड मुक्ति मोर्चा में उपाध्यक्ष भी थे। वर्तमान में चंपई झारखंड की सरायकेला विधानसभा से विधायक हैं। चंपई की राजनीतिक मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह 1991 से अब तक लगातार विधानसभा चुनाव जीतते आ रहे हैं। चंपई सोरेन को झारखंड टाइगर के नाम से भी जाना जाता है।
Jharkhand Former CM Champai Soren: चंपई सोरेन कितने पढ़े लिखे हैं ?
झारखंड मुक्ति मोर्चा से अपनी राहें अलग करके नई पार्टी का ऐलान करने वाले चंपई सोरेन ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। 10वीं में पढ़ने के दौरान ही वह राजनीति में एक्टिव हो गए थे और कुछ ही समय बाद वह झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन के साथ हो लिए थे।
Jharkhand Former CM Champai Soren: चंपई सोरेन की पारिवारिक स्थिति
चंपई सोरेन का जन्म 1956 में जिलिंग गौड़ा में सेमल सोरेन और माधव सोरेन के घर हुआ था। चंपई अपने तीन भाई और एक बहन के बीच सबसे बड़े हैं। चंपई की धर्मपत्नी का नाम मानको सोरेन है और इनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, चंपई के पास दो करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।
Jharkhand Former CM Champai Soren: बीजेपी में शामिल होने की थी खबरें
हेमंत सोरेन का साथ छोड़ने के बाद झारखंड से लेकर दिल्ली तक के सियासी गलियारों में चंपई सोरेन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि वह बीजेपी में शामिल होने वाले हैं। मगर बुधवार 21 अगस्त को उन्होंने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया है। चंपई ने अभी तक नई पार्टी के नाम का खुलासा नहीं किया है लेकिन जल्द ही चंपई की नई पार्टी का नाम सबके सामने होगा।