Bihar School Timing Change from 1 December: देश के कई राज्यों में ठंड की दस्तक के साथ ही स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में स्कूलों की टाइमिंग बदली जा चुकी है। इस बीच बिहार में भी स्कूलों का समय बदल गया है। हालांकि बदली हुई टाइमिंग 1 दिसंबर से लागू होगी। बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने गुरुवार को राज्य के सरकारी स्कूलों में बदलाव का नोटिस जारी कर दिया। नए आदेश के अनुसार, राज्य में अब स्कूल समेत सभी शिक्षण संस्थान सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
अभी यह है स्कूलों की टाइमिंग
बता दें कि अभी बिहार में स्कूल की टाइमिंग सुबह 8:50 बजे से शाम 4:30 बजे तक है। एसीएस एस सिद्धार्थ द्वारा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, समय बदलने के बाद पहली घंटी सुबह 10 बजे शुरू होगी। आठवीं घंटी शाम 4 बजे समाप्त होगी। अब आठ पीरियड में कक्षाएं लगेंगी। दोपहर 12 बजे से 12:40 बजे तक लंच ब्रेक होगा। सरकार ने राज्य में बढ़ रही ठंड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
ट्रांसफर को लेकर सरकार का आदेश
इस आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर स्कूल में किसी कक्षा की बोर्ड परीक्षा चल रही है तो अन्य कक्षाओं को स्थगित न किया जाए। ऐसी स्थिति में अन्य कक्षाओं में पढ़ाई का काम जारी रखा जाए। इसके अलावा बिहार सरकार ने ट्रांसफर को लेकर भी एक नया आदेश जारी किया है। सरकार ने तय किया है कि जो शिक्षक विशेष समस्या से ग्रस्त हैं और अपना ट्रांसफर चाहते हैं वो ई शिक्षाकोष की वेबसाइट पर जाकर नए सिरे से आवेदन कर दें। ये आवेदन ई पोर्टल पर 1 दिसंबर से लेकर 15 दिसंबर तक किया जा सकता है।
यूपी और हरियाणा में भी बदला गया समय
बता दें कि इससे पहले यूपी और हरियाणा में भी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव हो चुका है। यूपी में राजकीय माध्यमिक स्कूलों और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक स्कूलों का अभी तक खुलने का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक था, लेकिन समय बदले जाने के बाद विद्यालय सुबह 9:30 बजे से खुलेंगे और दोपहर 3.30 बजे बंद हो जाएंगे। वहीं हरियाणा में भी में 10 दिन पहले स्कूलों का समय बदला गया है। वहां अब अब स्कूल सुबह साढ़े 9 बजे तो डबल शिफ्ट वाले स्कूलों की पहली शिफ्ट 7:55 और दूसरी 12.40 बजे से लगेगी।
