दिल्ली विधानसभा चुनाव में शनिवार को रेकार्ड 67.08 फीसद मतदान हुआ। मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा। मतदान के दौरान किसी भी इलाके से हिंसा या मतदान में बाधा डालने की कोई खबर नहीं आई है। कई इलाकों में ईवीएम मशीनों के धीमी गति से चलने की शिकायत रही। ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही मतदान के लिए लंबी कतारें देखी गर्इं। शहरी इलाकों में दिन चढ़ने पर मतदान में तेजी आई। पिछले साल चार दिसंबर को दिल्ली विधानसभा के चुनावों में 65.86 फीसद मतदान हुआ था। दिल्ली चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार 67.08 फीसद मतदान हुआ है। मतदान के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने उम्मीद जताई है कि दिल्ली में चुनी हुई सरकार आ जाएगी। चुनाव के बाद सभी दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। कुछ इलाकों में मतदाताओं ने अपने क्षेत्र में विकास कार्य नहीं होने पर मतदान का बहिष्कार किया। मतदान के नतीजे दस फरवरी को आएंगे।

दिल्ली के चुनाव में शनिवार को कई बड़े नेताओं ने भी मतदान किया। इनमें उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, किरण बेदी और शीला दीक्षित प्रमुख रूप से शामिल रहे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान किया, जहां उनकी पार्टी अपना खोया आधार पाने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही है। सोनिया गांधी ने सुबह नौ बजकर 35 मिनट पर मध्य दिल्ली में निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। चुनाव के संबंध में उनकी राय पूछे जाने पर सोनिया गांधी ने कहा कि जो जनता चाहेगी, वही होगा।

दिल्ली पर 15 साल तक राज करने वाली कांग्रेस को 2013 के चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था और 70 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी केवल आठ सीटें ही जीत पाई थी। इस बार चुनाव में पार्टी को मजबूत दावेदार नहीं माना जा रहा है। सोनिया गांधी के साथ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह और पूर्व मंत्री किरण वालिया भी थीं। वालिया नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार हैं। चुनाव के बारे में पूछे जाने पर दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस कड़ी चुनौती पेश कर रही है। हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। चुनाव में कांग्रेस के चेहरे के तौर पर पेश किए गए अजय माकन ने वोट डालने के बाद कहा कि पार्टी न तो आप को समर्थन देगी और न ही उसका समर्थन लेगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली के एक करोड़ 33 लाख से ज्यादा योग्य मतदाताओं में से 5.64 फीसद लोगों ने सुबह नौ बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया था। चुनावों में कड़ी चुनौती पेश करने वाली आप के नेता केजरीवाल ने प्रतिष्ठित नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की बीके दत्त कालोनी स्थित मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। केजरीवाल की भाजपाई प्रतिद्वंद्वी किरण बेदी ने मालवीय नगर स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद लोगों से बड़ी संख्या में बाहर आने और वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है। यह दिल्लीवासियों को तय करना है कि वे किस तरह की दिल्ली चाहते हैं- एक साफ दिल्ली, एक सुरक्षित दिल्ली, एक सक्षम दिल्ली, महिलाओं का सम्मान दिल्ली का सम्मान है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में औरंगजेब लेन के मतदान केंद्र संख्या-88 में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने स्याही लगी अपनी अंगुली ऊपर उठाकर दिखाई। उन्होंने मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।

राहुल के चचेरे भाई और भाजपा नेता वरुण गांधी ने निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। यह पूछे जाने पर कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री मोदी पर जनमत संग्रह है तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि इन चुनावों में विजय भाजपा की होगी। कृष्णा नगर सीट से पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हर्षवर्धन से जब बेदी को इसी सीट पर उतारे जाने से जुड़ी उनकी नाराजगी की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे व्यक्तियों के लिए काम नहीं करते। वे भाजपा की विचारधारा के लिए काम करते हैं। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने का भरोसा जताते हुए कहा कि सच की जीत होगी। केजरीवाल एक बार फिर प्रतिष्ठित नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं जहां उन्होंने 2013 के विधानसभा चुनाव में 22000 के बड़े अंतर से तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को करारी शिकस्त दी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी, लोगों की जीत होगी। लोग इस बार भ्रष्टाचार और महंगाई से छुटकारा पाने के लिए मतदान करेंगे। मतदान करने के बाद आप प्रमुख ने मतदान कर्मियों के साथ फोटो खिंचवाई और उनमें से कुछ ने उनके साथ ‘सेल्फी’ भी खींची। मतदान केंद्रों के बाहर मीडियाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हो रही थी। ऐसे में केजरीवाल को पिछले दरवाजे से मतदान केंद्र के बाहर लाया गया।

इन चुनावों में भाजपा और आप के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सुबह 11 बजे तक 19.59 फीसद मतदान हुआ। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए औसत से तेज मतदान देखने को मिला और पहले पांच घंटे में 1.33 करोड़ मतदाताओं में से 35.82 फीसद अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक 35.82 फीसद मतदान दर्ज किया गया। शाम चार बजे तक 1.33 करोड़ मतदाताओं में से करीब 51 फीसद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जहां भाजपा और आप ने कुर्सी के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण रहा है और उन्हें किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। चुनाव आयोग ने कहा कि शिकायत मिलने पर छह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को बदला गया है।

 

लोकतंत्र की लंबी कतार:

भारी मतदान के मद्देनजर चुनाव आयोग को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए शाम छह बजे से पहले कतार में लग गए लोगों के लिए मतदान की समयसीमा शाम छह बजे से आगे बढ़ानी पड़ी।

विकास नहीं तो वोट नहीं:

विकास कार्यों से महरूम नरेला निर्वाचन क्षेत्र के झंगोला गांव के ज्यादातर निवासियों ने मतदान का बहिष्कार किया। इलाके के 1,800 पंजीकृत मतदाताओं में से दोपहर 12.30 बजे तक केवल 19 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।…
मुद्दों से लेकर मतदान तक आगे

महिलाओं से जुड़े मुद्दे ना केवल राजनीतिक पार्टियों के चुनावी घोषणापत्र में शीर्ष पर थे बल्कि महिलाएं भी बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए पहुंचीं। घूंघट वाली महिलाओं से लेकर कामकाजी महिलाएं व कालेज छात्राओं से लेकर वृद्ध महिलाएं तक लंबी कतारों में खड़ी थीं।
उत्तर पूर्वी दिल्ली रही अव्वल:

उत्तर पूर्व दिल्ली के गोकलपुर में सबसे ज्यादा 73.46 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया वहीं दक्षिण पश्चिम जिले की दिल्ली छावनी विधानसभा सीट में सबसे कम 58.47 फीसद मतदान हुआ। कृष्णा नगर में 71.97 फीसद मतदाताओं ने वोट डाला जहां से किरण बेदी उम्मीदवार हैं। नई दिल्ली सीट पर 64.28 फीसद मतदान हुआ। यहां से केजरीवाल मैदान में हैं।
दिल्ली में तकरीबन 12,000 मतदान केंद्रों पर 673 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। दिल्ली विधानसभा के लिए 1.33 करोड़ मतदाता हैं।

लालच के इंतजाम जब्त:

चुनाव आयोग की निगरानी टीमों ने 40 लाख रुपए नकद और 1.26 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध शराब की 53,000 से अधिक बोतलें जब्त की हैं। इसके अलावा निगरानी टीमों ने दिल्ली में मतदाताओं को अवैध रूप से लालच देने के सिलसिले में 44 प्राथमिकियां दर्ज कीं।