उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने बेरहमी से पीटा। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग बेटा चाहते थे, लेकिन जब उसने दो बेटियों को जन्म दिया तो प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि महोबा जिले में एक महिला को केवल इसलिए बेरहमी से पीटा गया, क्योंकि उसे दो बेटियां हैं। पति और ससुराल वाले उसे बार-बार परेशान और प्रताड़ित करते थे, क्योंकि वह एक लड़का चाहते थे। महिला ने बताया कि, शुरुआत में उन्हें एक बेटी हुई तो लोगों ने उसे ताने मारने शुरू किये और फिर ससुराल के लोग उसे मारने-पीटने लगे। यहां तक कि उसे कई दिनों तक भूखा भी रखा गया।

पति और ससुराल पक्ष के द्वारा लगातार प्रताड़ित किये जाने के बाद महिला मजदूरी कर अपना और बच्ची का पेट पालने लगी। उसी दौरान, जब वह फिर से गर्भवती हुई तो बेटे के लिए दबाव डाला जाने लगा। महिला ने बताया कि, दूसरी बार भी जब उसे बेटी हुई तो उसका उत्पीड़न बढ़ गया। पहले पति ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, फिर ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी उसे तंग करने लगे। महिला के साथ मारपीट की घटना तब सामने आई, जब एक वीडियो में महिला को दो महिलाओं को गाली देते हुए, लात और घूंसे मारते हुए दिखाया गया है।

महोबा जिले से सामने आये इस मामले में महिला लगातार वीडियो में पिटाई करने वालों को रोकते हुए जान की भीख मांग रही है। लेकिन उस पर किसी भी तरह का रहम नहीं दिखाया जा रहा है। महिला के मुताबिक, ससुराल पक्ष में पति और अन्य लोग हमेशा उसे बेटा न होने के कारण ताना मारते थे। इसी क्रम में उसके साथ यह घटना हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद संज्ञान लिया था।

महोबा की पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने कहा, मारपीट के चलते गंभीर रूप से घायल हुई महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने वायरल वीडियो व सूचना के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है और मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।