पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद मुंबई पुलिस ने बुधवार को एक शार्प शूटर सिद्धेश हीरामल काम्बले उर्फ सौरभ महाकाल को गिरफ्तार किया है। महाकाल की गिरफ्तारी एक अन्य हत्या के मामले में हुई है, लेकिन मूसेवाला हत्याकांड में संदिग्ध होने के चलते पूछताछ की जाएगी। इसी क्रम में 9 जून को भी पुलिस ने शार्प शूटर केशव और उसके साथी चेतन को बठिंडा से गिरफ्तार किया है। केशव पर हत्या मामले में हथियार सप्लाई करने का आरोप है।
कौन है सौरभ महाकाल: महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार हुए सौरभ महाकाल का असली नाम सिद्धेश हीरामन काम्बले है। महाकाल, मुंबई अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली गैंग का शॉर्प शूटर है। गवली गैंग से जुड़े होने कारण संतोष जाधव और महाकाल दोनों एक साथ सुपारी किलिंग व अन्य अपराधों में शामिल होते हैं। सौरभ महाकाल पर पुणे के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक ओमकार बांखेले उर्फ राण्या की हत्या का भी केस शामिल है।
लॉरेंस गैंग के लिए भी करता है काम: मूसेवाला हत्याकांड में सौरभ महाकाल को दिल्ली पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में धर दबोचा। महाकाल से मूसेवाला हत्या मामले में पूछताछ की जाएगी और उसकी गिरफ्तारी राण्या की हत्या में हुई है। सौरभ महाकाल लॉरेंस गैंग का भी शार्प शूटर बताया जा रहा है। वहीं स्पेशल सेल के सीपी एचएस धालीवाल ने बताया है कि लॉरेंस ही मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड है।
गवली गैंग का शार्प शूटर है जाधव: मूसेवाला हत्या के बाद पुलिस को आशंका थी कि इसमें कई सारे राज्यों के शार्प शूटर शामिल है। ऐसे में जब जांच-पड़ताल की गई तो आशंका सही साबित हुई थी। उसी क्रम में पता चला था कि इस घटना में मुंबई से कुछ शार्प शूटर शामिल हुए थे। इनमें संतोष जाधव और महाकाल का नाम सबसे पहले सामने आया था।
सूत्रों के मुताबिक, जाधव शुरुआत से डॉन अरुण गवली गैंग के साथ काम कर रहा है और करीबी माना जाता है। पुलिस के मुताबिक, बांखेले उर्फ राण्या की हत्या के बाद महाकाल ने जाधव को पनाह दी थी। जाधव अभी भी फरार है और पुलिस मूसेवाला हत्याकांड में उसकी तलाश कर रही है।
सुपारी किलिंग में माहिर: ज्ञात हो कि संतोष जाधव भी उन संदिग्ध शूटरों में एक है, जिसकी तलाश मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस को है। जाधव, राण्या हत्या के बाद से अंडरग्राउंड है। अब तक पुलिस ने सिद्धू हत्या मामले में 8 लोगों को पकड़ा है, जिनमें 4 लोगों की संलिप्तता के सबूत भी हैं। बता दें कि, संतोष जाधव जैसे शार्प शूटर सुपारी किलिंग व अन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए अलग-अलग प्रदेशों में जाया करते हैं।