‘बेटा बाहर आओ और सरेंडर करो, वर्ना पुलिस तुम्हारा और परिवार का कर देगी खात्मा’, विकास दुबे की मां अब यह गुहार लगा रही हैं अपने छोटे बेटे दीप प्रकाश दुबे से। विकास दुबे की मां सरला देवी ने अपने छोटे बेटे दीप प्रकाश दुबे से गुहार लगाते हुए कहा है कि ‘दीप कृप्या कर सामने आओ और सरेंडर कर दो, वर्ना पुलिस तुम्हें और तुम्हारे परिवार को मार डालेगी। तुम्हें पुलिस पूरी सुरक्षा देगी तुमने कुछ भी नहीं किया है। अपने भाई विकास दुबे से रिश्ते की वजह से मत छिपो।’
दरअसल 2-3 जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में हुए एनकाउंटर के बाद से ही दीप प्रकाश दुबे फरार हो गया है। पुलिस दीप प्रकाश दुबे को ढूंढ रही है और कहा जा रहा है कि वो बार-बार अपना लोकेशन बदल कर पुलिस को चकमा दे रहा है। पुलिस ने दीप प्रकाश दुबे के कई रिश्तेदारों से पूछताछ की है लेकिन उसके बारे में अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। इस बीच अब पुलिस ने दीप प्रकाश दुबे का पता बताने वाले को 20,000 रुपए का इनाम देने का ऐलान भी कर दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से घरबराई दीप प्रकाश दुबे की मां अब अपने छोटे बेटे से सामने आने की गुहार लगा रही हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विकास और दीप की मां ने कहा कि ‘पुलिस भी जानती है कि तुम निर्दोष हो। तुमसे सिर्फ पूछताछ करेगी। घर आ जाओ।
यह पूछने पर कि क्या दीप प्रकाश ने कभी संपर्क करने की कोशिश नहीं की? मां ने कहा नहीं, हमें जानकारी नहीं है कि वह कहां हैं। अगर वह मिलते तो हम समझाते कि तुमने कुछ नहीं किया है। डरते क्यों हो? पुलिस के सामने आओ और जो बात है सब कुछ बताओ।’
कहा जा रहा है कि दीप प्रकाश दुबे को ढूंढने के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। दीप प्रकाश के मोबाइल को भी सर्विलांस पर रखा गया है। इसके अलावे उसके हर संभावित ठिकाने पर लगातार दबिश दी जा रही है लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल रहा है। दीप पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने उसके असलहे का लाइसेंस रद्द कर दिया है।
यह कहा जा रहा है कि दीप प्रकाश दुबे इस वक्त लखनऊ में ही कही छिपा हुआ है। हालांकि वो बार-बार पुलिस को छका रहा है। यह भी जानकारी सामने आई है कि लखनऊ के कृष्णानगर थाने में दीप प्रकाश दुबे के खिलाफ कई केस दर्ज हैं।

