Vikas Dubey Video Viral: कानपुर के कुख्यात बदमाश विकास दुबे की जिंदगी का अंत पुलिस मुठभेड़ में हुआ। उसके मारने जाने के बाद उसके खौफ की कई कहानियां एक-एक कर सामने आ रही हैं। अब सोशल मीडिया पर विकास दुबे का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें विकास दुबे और उसके समर्थक जश्न के नशे में चूर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ‘जेल का ताला टूट गया शेर हमारा छूट गया’…,
वायरल वीडियो के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक यह वीडियो साल 2019 का है। कुख्यात विकास दुबे उस वक्त माती जेल से छूटकर बाहर निकला था। इस दंबग अपराधी के जेल से निकल कर बाहर आने की खुशी में में सैकड़ों लोगों ने जश्न मनाया था। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि विकास दुबे के साथी उसके जेल से निकलने की खुशी में नारे लगा रहे हैं। यहां आपको बता दें कि इस वीडियो से पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें विकास दुबे दंगल के लिए चुनौती देता दिख रहा है। वीडियो में विकास दुबे कह रहा है कि ‘दंगल हांक दिए है, अगर किसी में हिम्मत है तो लड़ ले…’
आपको बता दें कि इसी महीने की 2-3 जुलाई की रात विकास दुबे और उसके गुर्गों ने कानपुर के बिकरू गांव में पुलिसकर्मियों की एक टीम पर हमला कर दिया था। रात के अंधेरे में पुलिसकर्मियों को घेर कर उनपर गोलियां बरसाई गई थीं। इस हमले में 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। एनकाउंटर के दौरान पुलिस वालों को बेहद ही बेरहमी से मारा गया था।
इस घटना के बाद विकास दुबे फरार हो गया था और उसे 9 जून को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। कानपुर लाते वक्त पुलिस ने विकास दुबे का उस वक्त एनकाउंटर कर दिया था जब वो पुलिसकर्मी की रायफल छिन कर भागने की फिराक में था। विकास दुबे के कई गुर्गों को पुलिस ने पकड़ा और कइयों को एनकाउंटर में ढेर किया है।
अब विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश दुबे पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। दीप प्रकाश दुबे एनकाउंटर की रात से ही फरार है। दीप पर भी कई मुकदमें दर्ज हैं। विकास दुबे के आतंक का आलम यह था कि कई पुलिसकर्मी भी उससे खौफ खाते थे और गांव में कोई भी उसके खिलाफ मुंह नहीं खोलता था।