दिल्ली से सटे नोएडा के एक आइसोलेशन सेंटर में COVID-19 से संक्रमित महिला के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला ने अस्पताल के ही एक दूसरे मरीज पर उनके साथ छेड़छाड़ करने का आऱोप लगाया है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आऱोपी युवक पेशे से डॉक्टर है और फिलहाल वो भी एक मरीज के तौर पर आइसोलेशन केंद्र में भर्ती है। यहां के एडिशनल डिप्टी सुपरिटेन्डेंट रणविजय सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि अस्पताल प्रबंधन ने भी लापरवाही बख्शी है। महिला और पुरुष को एक ही आइसोलेशन वार्ड में रखना नियमों का उल्लंघन है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला और आरोपी पुरुष दोनों ही पिछले सप्ताह कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे।
पुलिस ने बताया कि महिला प्राइवेट अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में थीं। जहां इस युवक को भी रखा गया था। पुलिस के मुताबिक छेड़खानी की घटना के तुरंत बाद ही महिला ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज करा दिया। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में अस्पताल की लापरवाही की भी जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन से संपर्क किया गया है। मेडिकल डिपार्टमेंट इस बात की जांच कर रहा है कि अस्पताल में मरीजों को लेकर सभी तरह के गाइलाइंस फॉलो किये जा रहे हैं या नहीं?
पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी कोविड पॉजीटिव है और उसका इलाज चल रहा है। कोविड मरीजों के लिए बनाए गए नियमों के अनुसार आइसोलेशन का समय खत्म होने और युवक के ठीक होने के बाद ही उसपर युवक पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी जरुरी कानूनी कार्रवाइयां जारी हैं और जांच के बाद ही मामले की सच्चाई पता चलेगी।

