उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार किया है जिस पर आरोप है कि उसने अपनी असली नाम और पहचान छिपाकर महिला से शादी रचाई और फिर महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। बताया जा रहा है कि पिछले साल आरोपी शख्स की मुलाकात एक महिला से हुई थी। इस मामले में पुलिस के पास जो एफआईआर दर्ज कराई गई है उसमें पीड़िता ने कहा है कि इस युवक ने उन्हें अपना नाम मुन्ना यादव बतलाया था। बताया जा रहा है कि इस काम में युवक का चचेरा भाई भी शामिल था और पुलिस ने आरोपी के भाई रहमान अली को गिरफ्तार भी किया है।

महिला जिसे मुन्ना यादव समझती थी दरअसल वो मैनुद्दीन निकला। महिला के मुताबिक मैनुद्दीन के साथ नजदीकियां बढ़ने के बाद उन दोनों ने संत कबीर नगर के एक मंदिर में जाकर शादी रचा ली थी। इसके बाद दोनों साथ ही रहते थे।

पुलिस के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद मुन्ना यादव ने महिला को अपना असली नाम और धर्म बताया। इसके बाद बाद मुन्ना यादव बने मैनुद्दीन ने महिला पर भी धर्म परिवर्तन कर लेने का दबाव बनाया हालांकि महिला ने इस बात से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को महिला को यह जानकारी मिली की मैनुद्दीन फिर किसी अन्य महिला से शादी रचाने की योजना बना रहा है। इसके बाद महिला ने ‘112’ नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।

अब इस मामले में मैनुद्दीन उर्फ मुन्ना यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसपर भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504, 506, 419 और 120B के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा उसपर धर्म परिवर्तन प्रतिषेध कानून के तहत भी केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।