Kanpur Encounter Vikash Dubey: कानपुर एनकाउंटर में मारे गए 8 पुलिसकर्मियों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला है कि विकास दुबे और उसके गुर्गों ने बड़ी बेरहमी से पुलिसवालों की हत्या की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि धारदार हथियार से हमला औऱ गोली मारकर पुलिसवालों की हत्या की गई थी। सर्किल ऑफिसर देवेंद्र मिश्र को चार गोलियां मारी गई थीं। यह भी पता चला है कि point blank range से उन्हें गोली मारी गई थी।
उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने बताया है कि एनकाउंटर के बाद विकास दुबे ने अपने गुर्गों से कहा कि पुलिसवालों से लूटे गए हथियार उसके घर में छिपा दिये जाएं। बिकरू गांव स्थित विकास दुबे के घर से तलाशी के दौरान पुलिस से लूटे हथियार बरामद किये गये हैं। विकास के घर से AK-47 भी मिला है।
एडीजी ने बताया कि इस मामले में कुल 21 आरोपी हैं। इनमें से 4 को गिरफ्तार किया गया है। जबकि विकास दुबे समेत 6 लोगों को मारा जा चुका है। पुलिस ने यह भी बताया कि विकास दुबे के एक करीबी शशिकांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि इससे पहले विकास दुबे के बिकरू स्थित घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने बम भी बरामद किये थे।
आपको बता दें कि सोमवार की देर रात एसओजी टीम, शिवराजपुर पुलिस व रेलवे बजार पुलिस ने मिलकर 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश शशिकांत को गिरफ्तार किया था। शशिकांत की निशानदेही पर विकास के घर से एके-47 राइफल, मय 17 कारतूस और और शशिकांत के घर से इंसास राइफल और 20 अदद कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद की गई एक अदद एके-47 राइफल और 17 कारतूस सरकारी, एक अदद इंसास राइफल और 20 कारतूस सरकारी हैं।
एडीजी ने बताया कि इस मामले में 21 अभियुक्त नामजद थे, जिनमें से ज्ञान यादव, दयाशंकर अग्निहोत्री और शशिकांत दुबे को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी विकास दुबे समेत छह अभियुक्त एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। 11 अभियुक्तों की तलाश जारी है। वहीं दो अभियुक्त गुड्डन त्रिवेदी और सोनू जो महाराष्ट्र से पकड़े गए हैं, उन्हें रिमांड पर लेकर पुलिस यूपी आ रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
