उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अज्ञात महिला की लाश कई टुकड़ों में मिलने से सनसनी फैल गई है। महिला के शवों के टुकड़ों को एक सुटकेश और पॉलीथिन के बैग में रखा गया था। बताया जा रहा है कि मंगलावर-बुधवार की देर रात साहेबाबाद इलाके के नजदीक एक फैक्ट्री के पास महिला की लाश मिली। इलाके के लोगों की नजर सबसे पहले इस बैग पर पड़ी थी।
बैग को संदिग्ध मानकर लोगों ने पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग को खोला तो दंग रह गई। सूटकेश के अंदर महिला के शव कई टुकड़ों में पड़े थे। यहां के सर्किल ऑफिरस सुशील कुमार सिंह ने बताया कि महिला की उम्र 20 साल के आसपास हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक इस सूटकेश के आसपास कुछ पॉलीथिन बैग पड़े थे। एक पॉलीथिन में महिला का सिर तथा दूसरे पॉलीथीन में महिला का पैर था जबकि शरीर के अन्य टुकड़े सूटकेश में थे।
यहां के पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बैग यहां करीब 2 दिन से पड़ा हुआ था। बैग के पास से दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ‘ऐसा लगता है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और उनके शव को लाकर यहां फेंक दिया गया है। मृतक महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।’
पुलिस-प्रशासन ने महिला की हत्या की आशंका जताई है लिहाजा इस मामले की जांच अलग-अलग एंगल से की जा रही है। महिला के शव की शिनाख्त करने की कोशिश भी की जा रही है।
आपको याद दिला दें कि साल 2018 में महाराष्ट्र में मुंबई के मलाड में भी एक सूटकेश के अंदर से लाश मिली थी। झाड़ियों में पड़े सूटकेश की जांच-पड़ताल के बाद पता चला था कि यह लाश 20 साल की मॉडल मानसी दीक्षित की थी। मानसी राजस्थान के कोटा की रहनेवाली थी।
वह मुंबई में पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग भी कर रही थी। इस मामले में बांगुर नगर पुलिस ने 20 साल के एक छात्र मुजम्मिल सईद को गिरफ्तार कर लिया था जिस पर मॉडल की हत्या का आरोप था।
