Unnao Case, Akhilesh Yadav, Priyanka Gandhi Vadra: उन्नाव कांड की पीड़िता की मौत के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है। पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव जहां यूपी विधानसभा के सामने ही धरने पर बैठ गए हैं तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़िता की मौत के बाद उसके परिजन से मुलाकात करने के लिए लखनऊ से उन्नाव पहुंची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस बात की जानकरी दी।
धरने पर सपा सुप्रीमो: उन्नाव कांड से यूपी की सियासत में उबाल है। शनिवार को पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ में विधानसभा के बाहर सूबे की सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उनके साथ सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी भी धरने पर बैठे। अखिलेश ने कानून व्यवस्था और महिला अपराध को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला।
Hindi News Today, 07 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रियंका गांधी उन्नाव रवाना: कांग्रेस नेता अजय लल्लू ने बताया कि उन्नाव कांड पीड़िता की मौत की खबर मिलने के बाद प्रियंका उन्नाव के लिए गई हैं। प्रियंका गांधी ने वहां पीड़िता के परिजन से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बता दें कि प्रियंका उत्तर प्रदेश की अपनी दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को लखनऊ पहुंची थीं।
प्रियंका का ट्वीट: इससे पहले, प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया ‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह उन्नाव पीड़िता के परिवार को दुख की इस घड़ी में हिम्मत दे।’ उन्होंने कहा, ‘यह हम सबकी नाकामयाबी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं लेकिन यह उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून व्यवस्था को भी दिखाता है।’