Sushant Singh Rajput: सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच जारी है। इस बीच अब यह खबर सामने आई है कि खुदकुशी करने से पहले सुशांत अपनी पूर्व मैनेजर दिशा को लगातार GOOGLE कर रहे थे।
GOOGLE पर 3 चीजें की सर्च: पता चला है कि उस सप्ताह 3 चीजों को सुशांत ने GOOGLE पर काफी सर्च किया था। जिसमें वो न्यूज रिपोर्ट्स में अपना नाम, अपनी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान (जिन्होंने सुशांत से एक हफ्ते पहले आत्महत्या की थी) और दिमागी बीमारी के बारे में जानकारियों को गूगल पर सर्च किया था। इस बात की जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने The Indian Express को दी है।
मोबाइल, लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच: अधिकारी ने बताया कि यहां तक कि 14 जून को खुदकुशी से चंद घंटे पहले भी वो अपने नाम को GOOGLE पर सर्च कर रहे थे। यह जानकारी अभिनेता के मोबाइल फोन औऱ लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच से सामने आई है। Kalina Forensic Lab में यह जांच की गई है।
मुंबई पुलिस ने इस मामले में अब तक 40 लोगों के बयान दर्ज किये हैं। पुलिस अधिकारी ने बातचीत के दौरान बताया कि सुशांत सिंह राजपूत जानते थे कि दिशा की मौत को लेकर उन्हें भी इसमें जोड़ा जा रहा है वो चिंतित थे और हो सकता है कि इसी वजह से वो गूगल पर दिशा को सर्च कर रहे हों।
2 करोड़ से ज्यादा का हुआ ट्रांजेक्शन: जांच के दौरान सुशांत सिंह के बैंक अकाउंट की भी जांच की गई है। पता चला है कि सुशांत सिंह के अकाउंट से पिछले साल सबसे ज्यादा पैसे ट्रांसफर किये गये। यह रकम 2.8 करोड़ रुपए थी। बताया जा रहा है कि सुशांत सिंह ने 2.8 करोड़ रुपए का GST फाइल किया था।
क्या कहा मनोचिकित्सकों ने? पुलिस ने इस मामले में तीन मनोचिकित्सकों का भी बयान दर्ज किया है। इन सभी ने इस बात की पुष्टि की है कि सुशांत सिंह ने इलाज के लिए उनसे संपर्क किया था। सुशांत सिंह ने चिकित्सकों को उन दवाइयों के बारे में भी बताया था जो वो ले रहे थे।
पुलिस ने सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी, उनके कुक और केयरटेकर से पूछताछ के बाद कुछ भी संदेहास्पद नहीं पाया है। पुलिस ने बताया है कि सुशांत सिंह राजपूत जब अच्छा महसूस करने लगे थे तब उन्होंने दवाइयां लेनी भी छोड़ दी थी।
पिता ने कही थी यह बात: मुंबई पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थ के अलावा सुशांत के पिता, उनकी बहन और चाचा से भी पूछताछ की गई थी। उनके पिता केके सिंह ने पुलिस को बताया था कि उन्हें किसी पर भी इस बात को लेकर संदेह नहीं है कि सुशांत को सुसाइड के लिए उकसाया गया है। यहां तक कि उनकी बहन और चाचा ने भी किसी पर भी सुसाइड को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया था।
पुलिस ने सुशांत की प्रोफेशनल दुश्मनी के एंगल पर भी बातचीत करते हुए बताया है कि साल 2012 में सुशांत सिंह राजपूत का यश राज फिल्म्स के साथ तीन फिल्मों का कॉट्रैक्ट हुआ था। इसमें से ‘शुद्ध देशी रोमांस’ और ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’ करने के बाद वो इस करार से अलग हो गए थे। उनकी तीसरी फिल्म ‘पानी’ शेखर कपूर बनाने वाले थे लेकिन यह फिल्म नहीं बन सकी और साल 2015 में सुशांत ने यशराज बैनर छोड़ दिया।

