आज बात एक ऐसी कहानी की जिसमें एक महिला ने अपने सीरियल किलर पति के राज को पुलिस के सामने खोल दिया। चौंकाने वाली बात यह थी कि वह भी कई सालों तक इस बात से अनजान थी कि जिस पति को अपना सबकुछ मानती है; वह पहले भी कई महिलाओं की जिंदगी को बर्बाद कर चुका है। महिला को यह भी पता चला था कि पति ने अपने दोस्त समेत 4 लोगों का कत्ल कर चुका था। मध्य प्रदेश के ग्वालियर की इस कहानी में लव, सेक्स, धोखा, सस्पेंस, एक्शन, ड्रामा सब कुछ मौजूद था।
घटना बीते 14 मार्च, 2022 की है, जिसमें ग्वालियर में रहने वाली अनामिका नाम की महिला झांसी रोड के थाने में पहुंचती है। जहां अनामिका अपने पति राजेंद्र के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराती है। अनामिका ने शिकायत में बताया था कि 2015 में शादी के कुछ दिन ही बीते थे कि राजेंद्र उसके साथ मारपीट करने लगा था। यहां तक कि उसने घर खर्च के लिए पैसे देने भी बंद कर दिए थे। इस शिकायत में अनामिका में बताया था कि करीब छह महीने पहले उसे कुछ दस्तावेज मिले थे।
इसी दौरान महिला ने पुलिस से यह भी कहा कि- साहब, मेरा पति सीरियल किलर है। इतना सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए। महिला ने बताया कि इन कागजों से उसे पता चला कि पति का नाम राजेंद्र नहीं बल्कि राजेश कमरिया है। साथ ही उसने बताया कि वह हत्या और फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों में भी शामिल है। जब पुलिस ने महिला से ऐसी बातें सुनी तो चौंक गई। अनामिका ने यह भी बताया कि वह परेशान होकर जब अपने मायके चली गई थी तो पति ने उसे मारने के धमकी भी थी।
पुलिस ने महिला की बात सुनकर जांच शुरू की। रिकार्ड्स में पता चला कि सच में राजेश कमरिया नाम का शख्स 2014 में हुई 36 लाख की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था। इसके बाद 16 मार्च को पुलिस ने उसे पूछताछ के घर से उठा लिया। पूछताछ में राजेश ने बताया कि उसका असली नाम राजेंद्र मेहरा है। पुलिस के सामने अब राजेंद्र/राजेश/ राजेंद्र मेहरा जैसे तीन नाम थे। राजेंद्र ने बताया कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात ग्वालियर में रहने वाले मनोज गहलोत से हुई थी। जिसके बाद वह दोस्त बन गए और एक दूसरे के घर आने जाने लगे।
राजेंद्र ने पुलिस से बताया कि इन मुलाकातों के दौरान उसने मनोज की 10 साल बड़ी पत्नी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और फिर कई बार मनोज की गैर-मौजूदगी में संबंध भी बनाए। राजेंद्र ने बताया कि साल 2011 में उसने एक दिन मनोज को बीयर में नशीली गोलियां डालकर बेहोश कर दिया फिर उसका कत्ल कर दिया। इसके बाद मनोज की लाश को एक नदी में फेंद दिया। उसने बताया कि जब मनोज कई दिन तक लापता रहा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
हालांकि इसके बाद वह मनोज की पत्नी गीता से शादी कर उसके साथ उत्तर प्रदेश चला गया, जहां गीता का घर था। इसी दौरान उसने फिर से साजिश रची और गीता का मकान हड़प लिया। कुछ दिन वह गीता के साथ रहा लेकिन जब मन भर गया तो गीता के साथ उसके बेटे और भतीजे को मारकर फरार हो गया। इसके बाद उसने पहचान बदलकर अनामिका से शादी कर ली थी।