महाराष्ट्र के पुणे से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक होटल में एक प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी। वे दोनों पिछले 10 सालों से रिलेशनशिप में थे। महिला आईटी पेशेवर थी। वह एक फेमस कंपनी में जॉब करती थी। मामले में पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार को पिंपरी चिंचवाड़ के हिंजवडी इलाके में एक लॉज में हुई। जिसकी जानकारी पुलिस को रविवार की सुबह मिली।

मामले में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आरोपी की पहचान ऋषभ निगम के रूप में हुई है और उसे मुंबई से हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी और पीड़िता उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि महिला हिंजवडी में एक आईटी कंपनी में काम करती थी और आरोपी उत्तर प्रदेश में रहता था।

बुक किया होटल में कमरा नंबर 306

रिपोर्ट के अनुसार, हिंजवडी होटल में कमरा नंबर 306 बुक था। वहां पर आरोपी 25 जनवरी से रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले से ही वंदना की हत्या करने की योजना बना ली थी। वह उसके चरित्र पर शक करता था। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को कथित तौर पर वंदना को गोली मारने के बाद रात 10 बजे होटल के कमरे से बाहर निकलते हुए देखा गया है। पुलिस ने बताया कि हत्या मामले में अभी आगे की जांच की जा रही है।

वहीं पुलिस उपायुक्त बापू बांगर ने कहा, ‘‘आरोपी उत्तर प्रदेश से आया था और हिंजवडी में एक लॉज में रह रहा था, जहां उसने महिला को बुलाया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार शनिवार की रात उसने महिला को गोली मार दी और भाग गया। हमें घटना के बारे में आज सुबह पता चला।’’

उन्होंने आगे कहा कि आरोपी का पता लगाया गया और उसे मुंबई में हिरासत में ले लिया गया और आगे की जांच के लिए उसे पुणे लाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हत्या का मकसद अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुआ है। इसके पीछे के कारणों का गहराई से पता लगाया जा रहा है। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।