सोनीपत के कुंडली इलाके में युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवती गंभीर रूप से झुलस गई। उसको दिल्ली के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। युवती 90 फीसदी तक जल चुकी है। उसकी हालत बेहद गंभीर है। पुलिस ने युवक और उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक 20 साल की प्रगति और उसका प्रेमी राहुल काफी लंबे समय से लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों कुंडली के प्याऊ मनियारी में रह रहे थे। प्रगति कई महीने की गर्भवती है। सोमवार देर रात दोनों लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। राहुल ने प्रगति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। प्रगति गंभीर रूप से जल गई। पहले उसे लोकल अस्पताल ले जाया गया। वहां से युवती को सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया है। अब उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में रात को युवती ने बच्चे को जन्म दिया। उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई।
एक पेंटर जिसने 80 महिलाओं को मारा
दलित युवक को ईटों से बांधी नदी में फेंका
प्रगति ने पुलिस को बताया कि वह यूपी के शामली जिले के ऊण गांव की रहने वाली है। वह दो साल से प्याऊ मनियारी में रहने वाले राहुल के साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रही थी और 8 माह की गर्भवती है। पिछले कई दिन से राहुल और उसकी मां उसे प्रताड़ित कर रहे थे। वह बच्चा को पैदा नहीं होने देना चाहते थे। उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने युवती के बयान पर युवक राहुल और उसकी मां के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि युवक युवती के बीच अक्सर विवाद होता था। युवती अपने प्रेमी पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी पर वो लगातार आनाकानी करता था। इसे लेकर दोनों में झड़प होती थी। लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि झगड़ा इतना भयावह रूप ले लेगा। पुलिस का कहना है कि युवक फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है। उसकी मां का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा।
कुंडली थाना पुलिस के मुताबिक एक युवक-युवती को जली हालत में दिल्ली के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया था।सूचना पर पुलिस की टीम अस्पताल में पहुंची तो मामले का पता चला। पुलिस का कहना है कि प्रेमी राहुल ही प्रगति को अस्पताल में लाया था। जहां से युवती को सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया।