ओडिशा के जाजपुर जिले में 28 वर्षीय व्यक्ति को कथित रूप से एक महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भद्दी टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को क्योंझर जिले के जोड़ा क्षेत्र से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान पतितपावन मिश्रा के रूप में की गयी है और वह बायरी गांव का रहने वाला है।

क्या बोला आरोपी: पूछताछ के दौरान मिश्रा ने स्वीकार किया कि उसने एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (Facebook) पर अपनी पहचान छिपाकर अकॉउंट खोला था और महिला के फोटो और वीडियो उस पर डाले थे। बायरी थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार जेना ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने फोटो और वीडियो के साथ भद्दी टिप्पणियां भी लिखी थीं जिसे व्यक्ति को फॉलो करने वाले लोगों ने लाइक और शेयर भी किया था।

Hindi News Today, 22 October 2019 LIVE Updates: दिन भर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

क्या है मामला: जाजपुर जिले के बारीमूल क्षेत्र में रहने वाली पच्चीस वर्षीय महिला के एक नजदीकी मित्र ने सोशल मीडिया (Social Media) पर फोटो और वीडियो को देखा और महिला को इसकी जानकारी दी। जेना ने कहा कि महिला ने इस संबंध में सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

https://www.youtube.com/watch?v=sn4ne_1KTX0

पुलिस का बयान: पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को व्यक्ति को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां उसे दो हफ्तों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि महिला तीन साल पहले व्यक्ति के संपर्क में आयी थी और उससे प्रेम हो गया था। पुलिस ने कहा कि बाद में आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर कथित रूप से उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पुलिस के अनुसार मिश्रा ने महिला के साथ अंतरंग अवस्था में फोटो और वीडियो बना लिए। महिला जब भी मिश्रा से शादी की बात करती तो वह और समय मांगता। पुलिस ने बताया कि कुछ महीने पहले महिला के किसी और व्यक्ति से शादी करने के बाद मिश्रा उससे बदला लेना चाहता था।