Murder in Lockdown: देश में चल रहे लॉकडाउन के बीच उत्तर प्रदेश में हत्या की वारदात से सनसनी मच गई है। गोंडा जिले में समाजवादी पार्टी (SP) के नेता और उनके एक समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस गोलीबारी में 4 लोग जख्मी भी हो गए हैं। शुक्रवार (04-04-2020) को पारासपति गांव में हुई इस हत्या का आरोप भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता और उनके समर्थकों पर लगा है।
मृतकों की पहचान 52 साल के एसपी नेता देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ लाठी सिंह तथा 30 साल के कन्हैया पाठक के तौर पर हुई है। इस मामले में पुलिस ने कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बीजेपी के नेता अतुल सिंह भी शामिल हैं। इस हत्याकांड के आरोपियों यानी बीजेपी नेता समेत अन्य पर नेशनल सिक्यूरिटी एक्ट (NSA) लगाया गया है।
‘The Indian Express’ से बातचीत करते हुए जिले के भाजपा प्रमुख सूर्य नारायण तिवारी ने स्पष्ट किया है कि अतुल सिंह बीजेपी के ही नेता हैं। बताया जा रहा है कि देवेंद्र सिंह पूर्व ग्राम प्रमुख थे। उन्होंने इलाके में मनरेगा के तहत चल रहे कामकाज की जांच की मांग उठाई थी। वहीं अतुल सिंह जिला परिषद् के सदस्य हैं और उनकी मां अभी ग्राम प्रमुख हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे मनरेगा से जुड़े अधिकारियों की एक टीम मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की जांच करने आई थी। इसी दौरान देवेंद्र सिंह और अतुल सिंह तथा उनके समर्थकों के बीच झड़प शुरू हो गई। इस मामले में यहां के पुलिस अधीक्षक राज करण नायर ने कहा कि ऐसा बताया जा रहा है की भारतीय जनता पार्टी के नेता की तरफ से फायरिंग की शुरुआत की गई थी।
इस फायरिंग में घायल एक शख्स को अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि लॉकडाउन के दौरान इस गोलीबारी की घटना के बाद राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम ने मृतक के परिवार वालों के प्रति संवेदना भी व्यक्त किया है।
आपको बता दें कि देश में इस वक्त 14 अप्रैल तक लॉकडाउन है। लॉकडाउन के दौरान पुलिस-प्रशासन को इसे कड़ाई से पालन कराने के लिए कहा गया है। योगी सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान किसी भी तरह के नियमों को तोड़ने वालों पर गंभीर कार्रवाई की जाएगी।

