देश में बढ़ता साइबर क्राइम अब आम आदमी के पैसों के अलावा उनकी निजी जिंदगी को भी निशाना बना रहा है। मुंबई की जोगेश्वरी पुलिस के पास एक 31 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने दावा किया है कि हैकर्स उसकी सोशल मीडिया चैट का इस्तेमाल कर शादी तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
जोगेश्वरी पुलिस के अनुसार, एक बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट कंपनी में काम करने वाली मुंबई की एक 31 वर्षीय महिला ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला की तरफ से दावा किया गया कि पहले उसका सोशल मीडिया प्रोफाइल हैक कर लिया गया। फिर उसकी चैट्स बदल दी गई जिसके चलते अब उसका मंगेतर उनकी शादी को रद्द करने की धमकी दे रहा है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जोगेश्वरी पुलिस ने 25 मार्च को अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिरूपण और मानहानि को लेकर प्राथमिकी दर्ज की थी। महिला ने बताया कि साल 2018 में भी कुछ लोगों ने उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर उस फर्जी अकाउंट को ब्लॉक करवा दिया था।
शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, एक बार फिर से जनवरी 2022 में उसका फेसबुक सोशल मीडिया का प्रोफाइल हैक कर लिया गया था। फिर इसी साल मार्च में कुछ जालसाजों ने उसके जीमेल अकाउंट हैक कर लिया। जीमेल हैक करने के बाद हैकर्स उसकी निजी चैट तक पहुंच गए और फिर उन चैट्स को महिला के परिचितों को भेज दिया गया।
जोगेश्वरी पुलिस में दर्ज हुई प्राथमिकी में महिला ने बताया है कि हैकर्स ने उन चैट्स को जिन लोगों तक भेजा था, उनमें से एक उसका मंगेतर भी था। अब मंगेतर उनकी शादी को खत्म करने की धमकी दे रहा है। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे अपने एक पूर्व सहयोगी का हाथ होने की आशंका जताई है।
महिला ने बताया कि कुछ समय पहले उस सहयोगी ने उसे प्रपोज किया था लेकिन उसने सहयोगी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, उस घटनाक्रम के बाद वह उसे परेशान करने लगा था। हालांकि, जोगेश्वरी पुलिस ने कहा कि वे इस मामले में साइबर पुलिस से तकनीकी मदद ले रहे हैं और जांच-पड़ताल कर रहे हैं।